Railway Station Master Vacancy 2026: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए स्टेशन मास्टर भर्ती से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) अजमेर को पहली बार स्टेशन मास्टर भर्ती परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस भर्ती के तहत 1200 से अधिक पदों पर नियुक्तियां किए जाने की संभावना है। हालांकि, उम्मीदवारों को आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने का इंतजार करना चाहिए।
इसी महीने जारी हो सकता है नोटिफिकेशन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रेलवे भर्ती बोर्ड अजमेर की ओर से स्टेशन मास्टर भर्ती का विज्ञापन इसी महीने जारी किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि इस भर्ती में देशभर के उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। संभावित रूप से 25 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने का अनुमान है। यदि ऐसा होता है, तो परीक्षा का आयोजन रेलवे भर्ती बोर्ड के लिए बड़ी चुनौती होगा।
अब तक स्टेशन मास्टर के पदों पर भर्ती रेलवे की NTPC भर्ती प्रक्रिया के तहत होती रही है। लेकिन इस बार भर्ती प्रक्रिया में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल भर्ती से संबंधित सभी जानकारियों की पुष्टि आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही होगी।
एक ही CBT परीक्षा होने की संभावना
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए दो चरणों के बजाय एक ही कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की जा सकती है। संभावित परीक्षा 100 अंकों की होगी और अभ्यर्थियों को दो घंटे का समय मिल सकता है।
प्रस्तावित परीक्षा पैटर्न के अनुसार, बेसिक साइंस, गणित एवं डेटा विश्लेषण से 60 अंक, लॉजिकल कैपेबिलिटी से 20 अंक और मेंटल रीजनिंग से 20 अंकों के प्रश्न पूछे जा सकते हैं। लिखित परीक्षा के आधार पर रिक्तियों की संख्या से आठ गुना उम्मीदवारों को कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट के लिए बुलाए जाने की भी चर्चा है।
योग्यता, सैलरी और चयन प्रक्रिया
स्टेशन मास्टर के पदों के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को सातवें वेतन आयोग के पे लेवल-6 के तहत शुरुआती बेसिक सैलरी 35,400 रुपये प्रतिमाह मिलने की संभावना है। इसके अतिरिक्त नियमानुसार अन्य भत्ते भी दिए जा सकते हैं।
इस भर्ती में मेडिकल मानक A-2 लागू होने की जानकारी भी सामने आई है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन की तारीख, आयु सीमा, परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया से संबंधित अंतिम जानकारी के लिए RRB अजमेर की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन जरूर देखें।
ये भी पढ़ें: BHEL Recruitment 2026: 660 पदों पर नौकरी का मौका! ऐसे भरें ऑनलाइन फॉर्म