
महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान महाविकास अघाड़ी (एमवीए) के नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विपक्षी दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और विधानसभा में मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर चर्चा करना था। जानकारी के अनुसार, 60 विधायकों में से 37 विधायक बैठक में शामिल हुए, जबकि 23 विधायक अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित नेताओं में शरद पवार और जयंत पाटील भी शामिल थे, जिनके बारे में बताया गया कि वे निजी कारणों से बैठक में उपस्थित नहीं हो सके।
उद्धव ठाकरे ने गठबंधन की एकजुटता जताया चिंता
बैठक में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने गठबंधन की एकजुटता को लेकर चिंता व्यक्त की, उन्होंने कहा कि केवल महाविकास अघाड़ी के रूप में साथ होने का दावा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी जरूरी है कि गठबंधन के सभी घटक दल व्यवहारिक रूप से भी एकजुट दिखाई दें, उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विपक्षी दल विधानसभा के भीतर समान मुद्दों पर मिलकर आवाज उठा रहे हैं और क्या उनकी रणनीति वास्तव में समन्वित है।
बैठक में इस बात पर दी गई जोर
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि भविष्य में विधानसभा और विधानमंडल के अन्य सत्रों के दौरान विपक्ष की एकजुटता स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। इसके अलावा, राज्यभर में आयोजित होने वाली सभाओं, जनसंपर्क कार्यक्रमों और आंदोलनों को भी संयुक्त रूप से आयोजित करने का सुझाव रखा गया, ताकि गठबंधन की एकता का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचे। हालांकि हाल ही में शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसदों के पार्टी लाइन से अलग रुख अपनाने की चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में बनी हुई हैं, लेकिन बैठक में इस विषय पर कोई प्रत्यक्ष चर्चा नहीं हुई। बैठक में मौजूद नेताओं के अनुसार, फोकस मुख्य रूप से विपक्षी एकजुटता को मजबूत करने और सरकार के खिलाफ प्रभावी रणनीति तैयार करने पर रहा। वहीं, बैठक की कम उपस्थिति ने भी राजनीतिक हलकों में चर्चा पैदा की है। ऐसे समय में जब विधानसभा का सत्र जारी है, विपक्ष की भूमिका और उसके भीतर समन्वय को लेकर उठे सवालों ने महाविकास अघाड़ी के सामने संगठनात्मक मजबूती की चुनौती को एक बार फिर उजागर किया है।
Written By Toshi Shah















