.jpg)
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता और सिंगर पवन सिंह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी मिलने के केस में अब एक नया मोड़ आ गया है। गैंगस्टर हरि बॉक्सर ने इस पूरे मामले पर ऑडियो मैसेज जारी कर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि पवन सिंह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से कोई भी धमकी नहीं दी गई है।
हम पवन सिंह को जानते तक नहीं : हरि बॉक्सर
ऑडियो संदेश में हरि बॉक्सर ने कहा कि उनका या उनके गैंग का पवन सिंह से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि हम पवन सिंह को जानते तक नहीं हैं। उन्होंने जो धमकी मिलने की बात कही है, वह शायद सिर्फ सुरक्षा लेने के लिए किया जा रहा है।
हरि बॉक्सर ने यह भी आरोप लगाया कि पवन सिंह उनके खिलाफ गलत बयान दे रहे हैं और उन्होंने पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई है, जबकि असलियत कुछ और है।
सलमान खान को लेकर विवादित बयान
हरि बॉक्सर ने अपने बयान में एक बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। उन्होंने कहा कि जो भी सलमान खान के साथ काम करेगा उसे हम धमकी नहीं देंगे बल्कि सीधे गोली से जवाब देंगे। हालांकि यह बयान सिर्फ एक दावा है और इसकी किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस बयान को गंभीरता से जांच के दायरे में ले सकती है।
कैसे शुरू हुआ धमकी का मामला?
दरअसल, पिछले शनिवार से पवन सिंह की मैनेजर को लगातार धमकी भरे मैसेज और कॉल मिल रहे थे। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और पवन सिंह को सलमान खान के साथ मंच साझा न करने की चेतावनी दी। कॉलर ने कहा कि अगर पवन सिंह ने सलमान खान के साथ काम किया तो उन्हें गंभीर नतीजे भुगतने होंगे। इसके बाद पवन सिंह की टीम ने मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई और सुरक्षा की मांग की।
पैसे मांगने का भी आरोप
पुलिस के अनुसार, पवन सिंह की टीम के एक अन्य सदस्य को भी इसी तरह के कॉल आए थे। कॉल करने वाले ने न सिर्फ धमकी दी बल्कि पैसे की मांग भी की। इसी आधार पर पुलिस इस मामले को रंगदारी और धमकी से जोड़कर देख रही है।
जेल में बंद है लॉरेंस बिश्नोई
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का आरोपी लॉरेंस बिश्नोई फिलहाल गुजरात की साबरमती जेल में बंद है। मुंबई पुलिस को शक है कि अक्टूबर 2024 में हुए बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में भी लॉरेंस बिश्नोई की भूमिका थीं।
NIA की हिरासत में अनमोल बिश्नोई
लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई अनमोल बिश्नोई हाल ही में अमेरिका से डिपोर्ट किया गया है। दिल्ली पहुंचते ही उसे एनआईए ने हिरासत में ले लिया। अनमोल पर सलमान खान के घर फायरिंग और सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश रचने का आरोप है।
पुलिस कर रही है पूरे मामले की जांच
फिलहाल मुंबई पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि धमकी के पीछे असली लोग कौन हैं और क्या इसका सच में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध है या नहीं। पवन सिंह की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस सतर्क नजर आ रही है।
Saurabh Dwivedi

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)

.jpg)
.jpg)