
बॉलीवुड फिल्म दंगल और सीक्रेट सुपरस्टार से मशहूर हुई एक्ट्रेस जायरा वसीम ने अपनी शादी की आधिकारिक घोषणा कर दी है। उन्होंने शुक्रवार शाम सोशल मीडिया पर अपने निकाह की दो खूबसूरत तस्वीरें शेयर कीं, जिन्हें देखकर उनके फैंस खुशी से झूम उठे।
“कूबूल है x3” कैप्शन के साथ शेयर की पोस्ट
जायरा ने अपनी शादी की तस्वीरें पोस्ट करते हुए सिर्फ़ तीन शब्द लिखे, “क़ुबूल है x3”। यह इस्लामी शादी की रस्म में बोले जाने वाले पारंपरिक शब्द हैं, जो निकाह को स्वीकार करने का संकेत देते हैं। यह उनकी ओर से सालों बाद किया गया पहला बड़ा सोशल मीडिया अपडेट था, जिसे लाखों फॉलोअर्स ने प्यार और शुभकामनाओं से भर दिया।
सादगी भरी शादी की तस्वीरें हुईं वायरल
पहली तस्वीर में ज़ायरा को अपने निकाहनामा पर साइन करते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने सुंदर मेहंदी लगाई हुई है और उनकी अंगुली में पन्ने की खूबसूरत अंगूठी नजर आ रही है।
दूसरी तस्वीर में ज़ायरा अपने पति के साथ रात के आसमान के नीचे खड़ी हैं। ज़ायरा ने गहरे लाल रंग का दुपट्टा ओढ़ा है, जबकि उनके पति क्रीम कलर की शेरवानी में नज़र आ रहे हैं। उनकी यह जोड़ी सादगी और आत्मीयता से भरी दिखी, जिसने लोगों का दिल जीत लिया।
16 की उम्र में मिली थी पहचान
ज़ायरा वसीम ने सिर्फ 16 साल की उम्र में ‘दंगल’ फिल्म से देशभर में पहचान बनाई थी। इस फिल्म के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला था। बाद में उन्होंने आमिर खान के साथ ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ में शानदार काम किया।
2019 में छोड़ी थी फिल्म इंडस्ट्री
2019 में ज़ायरा ने धार्मिक कारणों का हवाला देते हुए फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने का फैसला लिया था। उन्होंने कहा था कि अभिनय की दुनिया ने उन्हें ईमान और धर्म से दूर कर दिया। तभी से उन्होंने फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली और सोशल मीडिया पर भी बहुत कम दिखाई दीं।
फैंस ने दी शुभकामनाएं
ज़ायरा की शादी की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई। लोग उनकी नई जिंदगी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। कई फैंस ने लिखा कि ज़ायरा ने हमेशा सादगी और गरिमा के साथ अपनी राह चुनी, और अब उनकी शादी उसी का खूबसूरत उदाहरण है।
Saurabh Dwivedi