देश में मौसम में बदलाव का असर महसूस किया जा रहा है। आज उत्तर भारत में तापमान तेजी से गिरने वाला है, जबकि दक्षिण भारत में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में ठंड बढ़ेगी, वहीं तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
उत्तर और मध्य भारत में तापमान में गिरावट
पिछले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरा। उत्तर आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, रायलसीमा, उत्तर तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में भी हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में हल्की बारिश हुई।
आने वाले 24 घंटों का पूर्वानुमान
केरल में अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। तमिलनाडु, दक्षिण कर्नाटक और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से बहुत हल्की बारिश की संभावना है। पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण और ठंड का असर
दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बदलाव के कारण पारा गिर रहा है। खराब हवा की गुणवत्ता के चलते लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक तेज हवाएं चलेंगी और ठंड का एहसास बढ़ेगा। फिलहाल, दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है।
उत्तर प्रदेश में हल्की ठंड का असर
उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में हल्की ठंड महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह और रात के समय ठंड और कोहरा बढ़ेगा। हालांकि, प्रदेश के किसी हिस्से में कोहरे की कोई गंभीर संभावना नहीं है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है। पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है, जिससे मैदानी इलाकों में ठंड का असर और बढ़ गया है।
Written By-Anjali Mishra

.jpg)