
महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में दिल दहला देने वाला हादसा हो गया है, अस्तंबा यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप गाड़ी चांदसैली घाट में पलट गई। घाट के मोड़ पर ड्राइवर का वाहन पर से नियंत्रण हट गया, जिससे गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 8 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई और 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने घायल श्रद्धालुओं को तलोदा उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी में क्षमता से अधिक लोग सवार थे।
यात्रा से लौटते समय हुआ हादसा
श्रद्धालु अस्तंबा यात्रा संपन्न कर अपने गांव लौट रहे थे। यह यात्रा क्षेत्र में धार्मिक आस्था से जुड़ी होती है और हर साल हजारों लोग इसमें हिस्सा लेते हैं। घाट के मोड़ पर वाहन का नियंत्रण खो जाने से पिकअप पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कई लोग वाहन के नीचे दब गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटनास्थल पर अफरातफरी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। कई श्रद्धालु वाहन के नीचे फंसे थे, जिन्हें निकालने में स्थानीय लोगों को काफी मेहनत करनी पड़ी। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर बचाव अभियान चलाया। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच और मृतकों की पहचान
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, वाहन तेज गति में था और घाट के मोड़ पर ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया। मृतकों की पहचान की जा रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
Written By-Anjali Mishra