.jpg)
देश में कुछ ही दिनों में त्योहारों का सिलसिला शुरू होने वाला है। दुर्गा पूजा के बाद दिवाली और धनतेरस जैसे त्योहारों पर लोग खासतौर पर सोना-चांदी खरीदते हैं, लेकिन इस बार त्योहारों की रौनक फीकी पड़ सकती है। वजह है सोने-चांदी की आसमान छूती कीमतें, जो आम खरीदार की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं।
सालभर में 35 हजार रुपये महंगा हुआ सोना
बीते एक साल में सोने की कीमत में 46% का जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। पिछले साल सितंबर 2024 में जहां 24 कैरेट 10 ग्राम सोना लगभग ₹75,930 था, वहीं अब इसकी कीमत ₹1,11,000 के पार जा चुकी है। यानी एक साल में करीब ₹35,000 का इजाफा हुआ है। सिर्फ 2025 में ही अब तक सोना 40% तक महंगा हो चुका है।
कीमतों में थोड़ी राहत, लेकिन खतरा अब भी बरकरार
हालांकि बीते कुछ दिनों में सोने के दाम में थोड़ी गिरावट जरूर आई है। गुरुवार को 24 कैरेट सोना करीब 500 रुपये सस्ता हुआ है। IBJA के मुताबिक 16 सितंबर को जहां 24 कैरेट सोना ₹1,10,869 प्रति 10 ग्राम था, 17 सितंबर को जहां 24 कैरेट सोना 1,09,733 प्रति 10 ग्राम था, वहीं 18 सितंबर को यह गिरकर ₹1,09,264 पर पहुंच गया है।
महज दो दिन में करीब ₹1,600 की गिरावट देखी गई। चांदी की बात करें तो उसमें भी दो दिनों में लगभग ₹3,500 प्रति किलो की गिरावट आई है। 16 सितंबर को चांदी ₹1,29,300 थी, जो अब ₹1,25,563 के आसपास है।
क्यों घट रहे सोना-चांदी के भाव?
इस गिरावट की एक बड़ी वजह है अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती। फेड ने अपनी बेंचमार्क रेट को 4.25% से घटाकर 4.0% कर दिया है, जिससे दुनियाभर में सोने-चांदी के दामों पर असर पड़ा है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय टैरिफ में नरमी और निर्यात में गिरावट से भी भाव पर दबाव बन रहा है।
कितना गिर सकता है सोना?
जानकारों की मानें तो आने वाले समय में सोने की कीमतों में और गिरावट संभव है। अनुमान है कि सोना यहां से 10% तक सस्ता हो सकता है, जिससे इसकी कीमत फिर से ₹1 लाख प्रति 10 ग्राम के नीचे आ सकती है। कुछ एक्सपर्ट्स शॉर्ट टर्म में 5-6% तक की गिरावट की उम्मीद कर रहे हैं। हालांकि चांदी में इतनी बड़ी गिरावट की संभावना कम है।
फेस्टिव सीजन में कहां रहेगा सोने का भाव?
त्योहारी सीजन के दौरान सोने की कीमत ₹1,10,000 से ₹1,12,000 प्रति 10 ग्राम के बीच रहने की संभावना है। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत $3,600–$3,700 प्रति औंस के बीच रह सकती है। लेकिन अगर वैश्विक स्तर पर तनाव घटता है, तो यह $3,300 प्रति औंस तक भी फिसल सकता है, जिससे भारत में सोना और सस्ता हो सकता है।
-Shraddha Mishra