.jpg)
नीट पेपर लीक मामले को लेकर लंबे समय से चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। छात्र संगठनों और कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे युवाओं की जीत बताया है। इसी बीच अभिनेत्री श्वेता तिवारी ने भी एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पंजाब सरकार और वहां के शिक्षा मंत्री पर सवाल उठाते हुए नया राजनीतिक विमर्श छेड़ दिया है।
अभिजीत दीपके का वीडियो शेयर कर साधा निशाना
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद श्वेता तिवारी ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अभिजीत दीपके का एक वीडियो साझा किया। वीडियो में अभिजीत दीपके कहते हुए दिखाई देते हैं कि, "अगर हम सरकार के खिलाफ झुकेंगे नहीं, तो अच्छे-अच्छों का इस्तीफा ले सकते हैं।" इसी वीडियो को साझा करते हुए श्वेता तिवारी ने तंज भरे अंदाज में सवाल किया कि, "अब पंजाब के शिक्षा मंत्री कब इस्तीफा दे रहे हैं? और कॉकरोच जनता पार्टी, तुम वहां कब विरोध प्रदर्शन कर रहे हो?" उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
पंजाब के शिक्षा मंत्री से भी उठ रही इस्तीफे की मांग
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अब पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस से भी इस्तीफे की मांग तेज हो गई है। हाल ही में पंजाब में फार्मेसी भर्ती परीक्षा में कथित धांधली और पिछले कुछ वर्षों में सामने आए पेपर लीक के मामलों को लेकर विपक्ष और कुछ छात्र संगठन सरकार को घेर रहे हैं। हालांकि, हरजोत सिंह बैंस ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि उनके इस्तीफे से राज्य की शिक्षा व्यवस्था बेहतर होती है, तो वे आज ही अपना पद छोड़ने के लिए तैयार हैं।
छात्र आंदोलन के बाद बढ़ा सरकार पर दबाव
नीट यूजी पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता गया। शुरुआत में जंतर-मंतर तक सीमित रहा आंदोलन बाद में कई राज्यों तक फैल गया। छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करते हुए सरकार पर दबाव बनाया। लगातार बढ़ते विरोध और राजनीतिक दबाव के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद जहां एक ओर आंदोलन समाप्त होने की घोषणा की गई, वहीं दूसरी ओर अब विभिन्न राज्यों में शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के मामलों को लेकर जवाबदेही की मांग भी तेज होती दिखाई दे रही है।
Written By: Archana Gupta















