
तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) द्वारा अपने पूर्व निजी सहायक मोतीलाल राय (Motilal Rai) पर चोरी का आरोप लगाए जाने के मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है। बीते दिन यानी शुक्रवार 26 जून को तेज प्रताप के ड्राइवर अनिल यादव की पत्नी रंजू देवी ने भी पुलिस से सुरक्षा की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई।
रंजू देवी ने पुलिस से कही ये बात
रंजू देवी सचिवालय थाने पहुंचीं और आरोप लगाया कि उनके पति चोरी के मामले में गवाह हैं, उनका कहना है कि मोतीलाल राय की पत्नी, साली और ससुर ने उनके घर पहुंचकर गवाही न देने की धमकी दी। रंजू देवी के अनुसार, यदि उनके पति ने तेज प्रताप यादव के पक्ष में बयान दिया तो पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई, उन्होंने इसी आधार पर पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
तेज प्रताप यादव की थी शिकायत
इससे पहले तेज प्रताप यादव ने सचिवालय थाने में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उनके पटना स्थित हार्डिंग रोड आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी हो गया। शिकायत के अनुसार, चोरी का आरोप उनके पूर्व निजी सहायक मोतीलाल राय पर लगाया गया है। तेज प्रताप का दावा है कि घटना 22 जून 2026 की रात हुई।
ये समान हुए है चोरी
एफआईआर में चोरी हुए सामान में लगभग दो तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनोवो लैपटॉप और चार आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन का उल्लेख किया गया है।
मोतीलाल राय की पत्नी प्रीति ने कही ये बात
वहीं, मोतीलाल राय की पत्नी प्रीति भारती ने तेज प्रताप यादव के सभी आरोपों को निराधार बताते हुए उन्हें साजिश करार दिया है, उन्होंने भी पुलिस में शिकायत देकर अपने परिवार को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है।
तेज प्रताप ने मोतीलाल को पार्टी के महासचिव पद से हटाया
घटना के बाद तेज प्रताप यादव ने मोतीलाल राय को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पद से हटाते हुए तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित करने की घोषणा की। मामले की जांच जारी है और पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Written By Toshi Shah















