
पंजाब के विभिन्न हिस्सों में मुख्यमंत्री भगवंत मान के सामाजिक बहिष्कार को लेकर पोस्टर और बोर्ड लगाए जाने का मामला सामने आया है। इन पोस्टरों में श्री अकाल तख्त साहिब के आदेश का हवाला देते हुए सिख समुदाय से मुख्यमंत्री भगवंत मान का सामाजिक बहिष्कार करने की अपील की गई है। राज्य के कई शहरों और कस्बों में यह अभियान तेजी से चलाया जा रहा है, जिससे राजनीतिक और धार्मिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
पंजाब के कई अन्य क्षेत्रों में मान के बहिष्कार वाले लगे पोस्टर
जानकारी के अनुसार, बठिंडा जिले के तलवंडी साबो, पटियाला के नाभा, मोगा सहित पंजाब के कई अन्य क्षेत्रों में बुधवार को ऐसे पोस्टर लगाए गए। पोस्टरों में दावा किया गया है कि श्री अकाल तख्त साहिब ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के सामाजिक बहिष्कार का आदेश दिया है और सिखों से इस फैसले का पालन करने की अपील की गई है। पोस्टरों पर लोगों से मुख्यमंत्री के सार्वजनिक कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों से दूरी बनाए रखने का संदेश भी दिया गया है।
शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ता आगे बढ़ा रहे अभियान
बताया जा रहा है कि इस अभियान को शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ता आगे बढ़ा रहे हैं। पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता विभिन्न स्थानों पर पोस्टर लगाने और लोगों को अकाल तख्त के फैसले की जानकारी देने में जुटे हुए हैं। अकाली दल के नेताओं का कहना है कि अकाल तख्त द्वारा लिए गए निर्णय का सम्मान करना हर सिख का कर्तव्य है और इसी उद्देश्य से लोगों तक यह संदेश पहुंचाया जा रहा है।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सक्रिय
इस बीच, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने भी इस मुद्दे को लेकर सक्रियता दिखाई है। मंगलवार को अमृतसर में SGPC की ओर से ढाढी जत्थों, कविश्रों और विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों की एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में अकाल तख्त के निर्णय को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने और संगत तक इसकी जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया। धार्मिक प्रचारकों और संगठनों से कहा गया कि वे अपने कार्यक्रमों के माध्यम से इस फैसले के बारे में लोगों को जागरूक करें।
सीएम मान की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। धार्मिक और राजनीतिक मुद्दों के इस मेल का असर आने वाले समय में पंजाब की राजनीति पर भी पड़ सकता है। फिलहाल, राज्य में लगे इन पोस्टरों ने एक नई बहस को जन्म दे दिया है और सभी की नजरें इस मामले के अगले घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।
Written By: Geeta Sharma















