
चीन के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में स्थित किंगहाई प्रांत मंगलवार शाम एक शक्तिशाली भूकंप से प्रभावित हुआ। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हैक्सी प्रीफेक्चर क्षेत्र में आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.3 दर्ज की गई। भूकंप का असर केवल चीन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके झटके एशिया के अन्य हिस्सों में भी महसूस किए गए। भूकंप के कारण चीन में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में आए 6.7 तीव्रता के भूकंप से आठ लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। जापान के पूर्वी समुद्री तट के समीप भी लगभग 6 तीव्रता के झटके महसूस किए गए, हालांकि वहां किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
बिते शाम को आया था भूकंप
चीन के भूकंप निगरानी संस्थान के मुताबिक, यह भूकंप मंगलवार शाम 5:06 बजे आया। इसका केंद्र 37.80 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 95.56 डिग्री पूर्वी देशांतर पर, धरती की सतह से लगभग 10 किलोमीटर नीचे स्थित था।
भूकंप के बाद किंगहाई के कम आबादी वाले उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों के बीच चिंता और अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, भूकंप केंद्र के निकट स्थित कोयला खदानों में कार्यरत सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
इंडोनेशिया में कई मकानों को नुकसान
वहीं, इंडोनेशिया में कई मकानों को नुकसान पहुंचने की खबर है। कुछ इमारतों की छतें गिर गईं, दीवारों में दरारें आ गईं और कई स्थानों पर सड़कें मलबे से भर गईं। देश की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने नुकसान के आकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चीनी सरकारी मीडिया के अनुसार, बचाव दलों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है ताकि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके। साथ ही संभावित आफ्टरशॉक्स को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
Written By Toshi Shah

.jpg)













