
अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक महत्वपूर्ण बयान दिया है, उन्होंने उन खबरों को पूरी तरह गलत बताया है जिनमें दावा किया जा रहा था कि समझौते के तहत अमेरिका ईरान को 300 अरब डॉलर की आर्थिक सहायता देगा।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कही ये बात
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान ने परमाणु हथियार विकसित न करने पर सहमति जताई है, साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका की ओर से ईरान को अरबों डॉलर की सहायता दिए जाने की बातें पूरी तरह निराधार हैं। उनके अनुसार ऐसी खबरें राजनीतिक कारणों से फैलाई जा रही हैं।
समझौते की शर्त को नहीं किया गया है सार्वजनिक
यह बयान दोनों देशों के बीच तनाव कम करने और शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में हुई प्रगति के बाद सामने आया है। जानकारी के अनुसार, ईरान के परमाणु कार्यक्रम और उस पर लगे प्रतिबंधों में संभावित राहत जैसे मुद्दों पर एक प्रारंभिक समझौता तैयार किया गया है। हालांकि समझौते की पूरी शर्तें अभी सार्वजनिक नहीं की गई हैं। स्थायी युद्धविराम को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है।
उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने समझौते को लेकर कही ये बात
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी इस घटनाक्रम का स्वागत किया है, उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की कूटनीतिक पहल ने सकारात्मक परिणाम दिए हैं और यह सुनिश्चित किया है कि ईरान परमाणु हथियार हासिल न कर सके। वेंस के मुताबिक, यह मुद्दा बातचीत के केंद्र में रहा है और अमेरिकी प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
एक्स पर वीडियो साझा कर कही ये बात
जेडी वेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि ट्रंप शुरू से ही इस बात पर अडिग रहे हैं कि ईरान को कभी परमाणु हथियार नहीं मिलने चाहिए। वेंस ने दावा किया कि राष्ट्रपति के शांति प्रयासों का लाभ अमेरिकी जनता को मिला है, जबकि कई विरोधी ताकतें इस प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश कर रही थीं।
जिनेवा में हस्ताक्षर हो सकते हैं औपचारिक
रिपोर्टों के अनुसार, इस समझौते पर सप्ताह के अंत तक जिनेवा में औपचारिक हस्ताक्षर हो सकते हैं। इस प्रक्रिया में स्विट्जरलैंड, अमेरिका, ईरान, पाकिस्तान और कतर की भूमिका बताई जा रही है। ट्रंप ने समझौते को एक महत्वपूर्ण दस्तावेज बताते हुए संकेत दिया है कि हस्ताक्षर के बाद इसकी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जा सकती है।
Written By Toshi Shah

.jpg)













