
खान सर की कोचिंग सेंटर के पास हुई फायरिंग मामले में ज्ञान बिंदु के डारेक्टर रौशन आनंद को 15 जून, सोमवार को जमानत मिली है। बताया जा रहा है कि यह जमानत उनके भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मिला है। इसी बीच रौशन आनंद ने एक बड़ा बयान दिया है। जिसने हर तरफ हलचल मचा दी है। दरअसल, रौशन आनंद ने मीडिया से बातचीत करते हुए रौशन आनंद ने कहा, मेरे खिलाफ साजिश रची गई है। फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक RS प्रसाद की रची साजिश के तहत मेरे भाई की हत्या कर दी गई। साथ ही जब मैं बाहर था, तो मेरे भाई को कुछ नहीं हुआ, लेकिन जब मुझे जेल भेजा गया, तो मेरे भाई की हत्या कर दी गई।
यह एक साजिश है।
फैजल खान ने रची हत्या की साजिश
पटना में अपने भाई की हत्या के मामले को लेकर रौशन आनंद ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके भाई की हत्या एक साजिश के तहत की गई और इस साजिश में फैजल खान समेत अन्य लोगों की भूमिका रही है। रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना उचित जांच के गिरफ्तार किया गया, जबकि जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज था, उनके खिलाफ समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।
गोली चलाने का आदेश फैजल खान ने दिया, फिर वह जेल से बाहर
रौशन आनंद ने कहा कि जब उनके भाई की हत्या हुई, उस समय वे जेल में थे। उनका आरोप है कि फैजल खान उनकी भी हत्या करवा सकता है, इसलिए उन्होंने पटना पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास ऐसे सबूत हैं जो यह साबित करते हैं कि गोली चलाने का आदेश फैजल खान ने दिया था, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया।
कोल्ड स्टोरेज के मालिक और फैजल खान पर लगाए गंभीर आरोप
उन्होंने किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक R.S. प्रसाद और फैजल खान पर मिलकर उनके भाई की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया। रौशन आनंद के अनुसार, उन पर समझौते का दबाव बनाया गया था और समझौता न करने के कारण उनके भाई की हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि 13 जून को भी उन पर कई बार समझौते का दबाव बनाया गया।
रौशन आनंद ने की CBI जांच की मांग
रौशन आनंद ने राज्य सरकार से मामले की CBI जांच कराने और उच्च स्तरीय समिति गठित कर उनके भाई का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उन्हें डबल इंजन सरकार पर भरोसा है और न्याय मिलने की उम्मीद है। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों से भावनात्मक प्रभाव में न आने की अपील करते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल, इन आरोपों पर संबंधित पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Written By: Geeta Sharma















