
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली। सुबह के समय हुई हल्की बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया था, लेकिन दोपहर होते-होते तेज धूल भरी आंधी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। सड़कों पर दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और कई जगहों पर यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई।
कई इलाकों में दोबारा बारिश शुरू
हालांकि, शाम तक दिल्ली के कई इलाकों में दोबारा बारिश शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में आंधी-तूफान, बारिश तथा बिजली कड़कने की संभावना को देखते हुए कुछ स्थानों पर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाएं चलने के अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना भी जताई गई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
धूल भरी आंधी से मेट्रो की गति पड़ी धीमी
धूल भरी आंधी का असर दिल्ली मेट्रो सेवाओं पर भी देखने को मिला। कई मेट्रो लाइनों पर ट्रेनों की गति एहतियातन धीमी कर दी गई, जबकि कुछ स्थानों पर सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित हुईं। हालांकि, मौसम सामान्य होने के बाद परिचालन फिर से सुचारु कर दिया गया। इस दौरान यात्रियों को कुछ असुविधाओं का सामना करना पड़ा।
दिल्ली का औसत AQI 135 दर्ज
इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार सोमवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 135 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश और तेज हवाओं के कारण आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता में और सुधार देखने को मिल सकता है। कुल मिलाकर, मौसम के इस बदलाव ने राजधानीवासियों को गर्मी से राहत देने के साथ-साथ वातावरण को भी अधिक सुहावना बना दिया है।
Written By: Geeta Sharma















