
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ बठिंडा में एक मेगा रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम चुनावों में पार्टी को मिली शानदार जीत के लिए जनता का आभार व्यक्त किया। रोड शो में उमड़ी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की जनता भगवंत मान सरकार के 4 वर्षों के कार्यकाल से बेहद संतुष्ट है और उन्हें पूरा विश्वास है कि वर्ष 2027 में भगवंत मान दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे।
भगवंत मान पर आज तक भ्रष्टाचार का आरोप नहीं: केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के राजनीतिक इतिहास में कई मुख्यमंत्री रहे हैं, लेकिन लगभग सभी पर किसी न किसी प्रकार के भ्रष्टाचार के आरोप लगे। उन्होंने दावा किया कि भगवंत मान पर आज तक एक पैसे के भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि यदि मान या उनके मंत्रियों पर कोई आरोप होता, तो केंद्र सरकार की एजेंसियां ED और CBI लगातार कार्रवाई कर रही होतीं।
केजरीवाल ने विपक्षी दलों पर कसा तंज
अपने संबोधन में केजरीवाल ने विपक्षी दलों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने बिना नाम लिए विभिन्न राजनीतिक दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पंजाब में एक ऐसी पार्टी है जिसे लोग “चिट्टा पार्टी” और “बेअदबी पार्टी” कहते हैं, दूसरी “झगड़ा पार्टी” है जिसके नेता आपस में ही लड़ते रहते हैं, जबकि तीसरी “ईडी पार्टी” है जो लोगों को जांच एजेंसियों की धमकी देती है। उन्होंने कहा कि केवल आम आदमी पार्टी ही जनता की अपनी पार्टी है, जो लोगों के लिए काम करती है।
'भगवंत मान को CM बनाने में एकजुट काम करें'
केजरीवाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा तेज हो गई है और पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारियों में जुट जाना चाहिए। उन्होंने जनता से अपील की कि वे भगवंत मान को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होकर काम करें।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जनता का किया धन्यवाद
वहीं मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भी बठिंडा की जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद लोगों ने मतदान कर आम आदमी पार्टी को भारी जनादेश दिया। मान ने दावा किया कि उनकी सरकार ने पंजाब में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम किए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में आम आदमी क्लीनिक, आधुनिक स्कूल और बेहतर अस्पताल स्थापित किए गए हैं।
भविष्य में आदमी पार्टी मजबूत होकर उभरेगी: मान
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस वर्ष पहली बार बड़े स्तर पर धान की खेती नहरों के पानी से हो रही है। उन्होंने दावा किया कि भाखड़ा डैम में पर्याप्त जल भंडारण है और आने वाले समय में किसानों को सिंचाई के लिए पानी की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन और विकास कार्यों के बल पर आम आदमी पार्टी भविष्य में भी मजबूत होकर उभरेगी।
Written By: Geeta Sharma










.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)
