
UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर NDA सीट बंटवारे के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी गठबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और चुनावी रणनीति के तहत उचित समय पर सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा की जाएगी।
सीट शेयरिंग के विषय पर जल्द होगी बातचीत
संजय निषाद ने गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई बैठक का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने सीट शेयरिंग के विषय पर जल्द बातचीत करने का आग्रह किया था। इस पर अमित शाह ने उन्हें आश्वस्त किया कि सही समय आने पर इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
'PM ने पिछड़े वर्गों के विकास के लिए काम किया'
पीएम मोदी की नीतियों की सराहना करते हुए संजय निषाद ने कहा कि पीएम ने लगातार पिछड़े वर्गों के उत्थान और विकास के लिए काम किया है। विशेष रूप से मछुआरा समाज के लिए अलग विभाग का गठन कर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले हाथी, पंजा और साइकिल के प्रतीक वाली पार्टियों को सत्ता मिली, लेकिन उन्होंने निषाद और मछुआरा समाज के लिए कोई विशेष कार्य नहीं किया। इसके विपरीत प्रधानमंत्री मोदी ने इस समाज को मुख्यधारा से जोड़ने और आगे बढ़ाने का प्रयास किया है।
विपक्ष के पीडीए अभियान पर बोले संजय निषाद
विपक्ष के पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) अभियान को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय निषाद ने सीधी प्रतिक्रिया देने से बचते हुए कहा कि उनकी राजनीति किसी का जवाब देने की नहीं, बल्कि अपनी अलग पहचान और विकास की लकीर खींचने की है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास वैश्विक स्तर के नेता हैं, जिनके नेतृत्व में समाज और देश आगे बढ़ रहा है।
'धर्मांतरण को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने चाहिए'
मेडिकल कॉलेजों में धर्मांतरण रोधी सेल बनाने के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए उन्होंने इसे सकारात्मक कदम बताया। उनका कहना था कि धर्मांतरण को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाना चाहिए और वह इस पहल के पक्ष में हैं।
Written By: Geeta Sharma















