
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) को उनकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया है। ट्रंप ने मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी थी।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर साझा किया पोस्ट
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर साझा किए गए संदेश में मोदी को एक प्रभावशाली, मजबूत और दूरदर्शी नेता बताया, उन्होंने विश्वास जताया कि मोदी के नेतृत्व में भारत आने वाले वर्षों में भी नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
पीएम मोदी ने आभार किया व्यक्त
इसके जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्रंप का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह भारत और अमेरिका के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं, उन्होंने कहा कि दोनों देशों के सहयोग से न केवल भारत और अमेरिका बल्कि पूरी दुनिया को लाभ मिलेगा।
पीएम मोदी ने 10 जून को एक नया राजनीतिक कीर्तिमान स्थापित किया
प्रधानमंत्री मोदी ने 10 जून को एक नया राजनीतिक कीर्तिमान स्थापित किया, उन्होंने लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू (Jawaharlal Nehru) के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इसके साथ ही वह देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए।
कई प्रमुख नेताओं ने दी पीएम को बधाई
इस उपलब्धि पर दुनिया भर के कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें बधाई दी। इनमें उर्सुला वॉन डेर लेयेन, जियोर्जिया मेलोनी, फ्रेडरिक मर्ज़, मार्क कार्नी और ऋषि सनक सहित कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं के नाम शामिल हैं। सभी ने मोदी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
Written By Toshi Shah







.jpg)
.jpg)

.jpg)




