
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। 10 जून को उन्होंने देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू (Jawaharlal Nehru) के उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, जो कई दशकों से कायम था।
4,399 दिनों से प्रधानमंत्री के रूप में कर रहे हैं काम
नरेंद्र मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। लगातार तीन आम चुनावों में जनता का समर्थन प्राप्त करने के बाद उन्होंने 4,399 दिनों का निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल पूरा कर लिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड जवाहरलाल नेहरू के नाम था, जिन्होंने चुनाव जीतने के बाद 4,398 दिनों तक लगातार प्रधानमंत्री के रूप में सेवा दी थी।
पीएम मोदी ने देशवासियों का आभार किया व्यक्त
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से देशवासियों का आभार व्यक्त किया, उन्होंने कहा कि जनसेवा, सुशासन और जनता के प्रति समर्पण ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने अपने संदेश में विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा को सार्वजनिक जीवन की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताएं बताया। इसके साथ उन्होंने एक संस्कृत श्लोक भी साझा किया, जिसमें आदर्श शासक के गुणों का वर्णन किया गया है।
नेहरू का रिकॉर्ड कैसे बना था?
स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद जवाहरलाल नेहरू 15 अगस्त 1947 को देश के प्रधानमंत्री बने थे। हालांकि उस समय वे नियुक्त प्रधानमंत्री थे। वर्ष 1952 में हुए भारत के पहले आम चुनाव के बाद कांग्रेस की जीत हुई और नेहरू को संसदीय दल का नेता चुना गया। इसके बाद 13 मई 1952 से लेकर 27 मई 1964 तक वे लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहे। इसी अवधि के आधार पर उनके नाम सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड दर्ज था।
तीन चुनाव, लगातार तीन जनादेश
नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल कर पहली बार केंद्र की सत्ता संभाली। इसके बाद 2019 के चुनाव में उनकी पार्टी को और बड़ा जनादेश मिला, जिससे उनका दूसरा कार्यकाल शुरू हुआ। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद उन्होंने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर एक और राजनीतिक उपलब्धि हासिल की।
Written By Toshi Shah







.jpg)
.jpg)

.jpg)




