
पश्चिम बंगाल सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य की सभी सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा सुविधा लागू करने का फैसला किया है। यह योजना 1 जून 2026 से पूरे राज्य में लागू होगी। बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के दौरान अपने घोषणापत्र में इस वादे का उल्लेख किया था, जिसके बाद परिवहन विभाग ने इसे लेकर आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
मुफ्त में महिलाएं करेंगी बस में सफर
सरकार के अनुसार, महिलाओं को राज्य परिवहन की सभी श्रेणी की बसों चाहे वे छोटे रूट की हों या लंबी दूरी की में बिना किराया दिए सफर करने की सुविधा मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को अधिक सुरक्षित, सुलभ और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना तथा उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
क्यूआर कोड युक्त स्मार्ट होगा जारी
योजना के तहत महिला यात्रियों को क्यूआर कोड युक्त स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे। इसके लिए उन्हें अपने क्षेत्र के BDO या SDO कार्यालय में आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी, स्कूल या कॉलेज आईडी, पैन कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइेंस जैसे वैध पहचान दस्तावेज और एक पासपोर्ट साइज फोटो जमा करनी होगी।
स्मार्ट कार्ड बनने तक महिलाओं को सुविधा से नहीं रखा जाएगा वंचित
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्मार्ट कार्ड बनने तक महिलाओं को सुविधा से वंचित नहीं रखा जाएगा। तब तक महिलाएं किसी भी सरकारी फोटो पहचान पत्र को दिखाकर मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। बस कंडक्टर पहचान सत्यापित करने के बाद उन्हें ‘जीरो वैल्यू टिकट’ जारी करेगा, जिसके जरिए वे बिना किराया दिए यात्रा कर पाएंगी।
Written By Toshi Shah















