.jpg)
Indigo Flight: दिल्ली से ब्रिटेन के शहर मैनचेस्टर के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट को टेकऑफ के करीब 7 घंटे बाद मजबूरन वापस लौटना पड़ा। एयरलाइन के अनुसार पश्चिम एशिया में तेजी से बदलती सुरक्षा स्थिति और अंतिम समय में लगाए गए हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण यह फैसला लेना पड़ा।
दिल्ली से मैनचेस्टर के लिए रवाना हुई थी फ्लाइट
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार24 के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट 6E33 सोमवार तड़के दिल्ली से मैनचेस्टर के लिए रवाना हुई थी। यह 26 फरवरी के बाद इस रूट पर इंडिगो की पहली उड़ान थी। लंबे अंतराल के बाद दिल्ली-मैनचेस्टर मार्ग पर सेवाएं दोबारा शुरू की गई थीं। सामान्य परिस्थितियों में यह उड़ान लगभग 11 घंटे में अपने गंतव्य तक पहुंच जाती है।
सुरक्षा कारणों से विमान ने लिया यू-टर्न
एक रिपोर्ट के मुताबिक विमान ने पश्चिम एशिया के सक्रिय संघर्ष क्षेत्रों से बचने के लिए एक वैकल्पिक मार्ग अपनाया था। विमान अरब सागर के ऊपर से उड़ान भरते हुए ओमान और यूएई के पास तक पहुंचा और फिर अदन की खाड़ी तथा अफ्रीका के कुछ हिस्सों से गुजरते हुए दक्षिणी दिशा में आगे बढ़ा। हालांकि इथियोपिया और इरिट्रिया की सीमा के पास पहुंचने के बाद विमान ने यू-टर्न लिया और दिल्ली लौटने का फैसला किया।फ्लाइटराडार24 के अनुसार विमान ने एक असामान्य दक्षिणी मार्ग का अनुसरण किया था, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ते ईरान-इजराइल तनाव के बीच मध्य पूर्व के संवेदनशील हवाई क्षेत्रों से बचना था। इसके बावजूद उड़ान को लगभग 7 घंटे बाद वापस लौटना पड़ा, जिससे यह स्पष्ट होता है कि पश्चिम एशिया में हवाई क्षेत्र की स्थिति तेजी से बदल रही है।
युध्द के वजह से हवाई क्षेत्रों पर लगी प्रतिबंध
वहीं इंडिगो के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि मध्य पूर्व और उसके आसपास की स्थिति लगातार बदल रही है, जिसके कारण कुछ उड़ानों को लंबा मार्ग लेना पड़ सकता है या उनका रूट बदलना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया में चल रही स्थिति के चलते अंतिम समय में हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंधों की वजह से दिल्ली से मैनचेस्टर जाने वाली फ्लाइट 6E 033 को अपने मूल स्थान दिल्ली वापस लौटना पड़ा।
उड़ान को पूरा करने में लगता है 11 घंटे
एयरलाइन ने यह भी कहा कि यात्रियों, चालक दल और विमान की सुरक्षा उसके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी फिलहाल संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उड़ान को दोबारा कब और कैसे शुरू किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि दिल्ली-मैनचेस्टर मार्ग की ग्रेट-सर्कल दूरी करीब 6,829 किलोमीटर है और मौसम व मार्ग की स्थिति के आधार पर इस उड़ान को पूरा करने में औसतन 11 घंटे का समय लगता है।
हवाई मार्गों पर प्रतिबंध का वजह बना अमेरिका और इजराइल का जंग
गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनाव काफी बढ़ गया है। इसके बाद से ईरान खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी और इजराइली सैन्य ठिकानों पर हमले कर रहा है, जबकि दोनों देश भी ईरानी ठिकानों को निशाना बना रहे हैं। इसी तनाव के चलते क्षेत्र में कई हवाई मार्गों पर सुरक्षा संबंधी प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं।
Writen By: Geeta Sharma

.jpg)
.jpg)
.jpg)