
होली का मज़ा रंगों, गुजिया और दोस्तों की मस्ती से पूरा होता है, लेकिन असली परेशानी तब शुरू होती है जब शाम को चेहरे और त्वचा पर जमे पक्के रंग उतरने का नाम नहीं लेते। इन्हें हटाने के लिए लोग घंटों रगड़ते हैं, अलग-अलग साबुन इस्तेमाल करते हैं, जिससे स्किन लाल, रूखी और बेजान हो जाती है। लेकिन रंग छुड़ाने के लिए त्वचा को नुकसान पहुंचाना बिल्कुल जरूरी नहीं है। कुछ आसान और देसी उपायों की मदद से आप होली के जिद्दी रंगों को बिना रगड़-घिसाई के साफ कर सकते हैं और अपनी त्वचा का प्राकृतिक निखार भी बरकरार रख सकते हैं। जानें ये सबसे आसान और असरदार देसी तरीके.
होली के जिद्दी रंग हटाने के लिए ये आसान और असरदार घरेलू नुस्खे आज़मा सकते हैं:
1. सरसों तेल और नींबू
अगर चेहरे पर पक्का रंग लगा हो तो सरसों के तेल में आधा नींबू निचोड़कर मिलाएं। इस मिश्रण से रंग वाली जगह पर हल्के हाथों से मसाज करें। नींबू में मौजूद सिट्रिक एसिड दाग हल्का करने में मदद करता है और तेल त्वचा को सूखने से बचाता है।
2. नारियल तेल का कमाल
सबसे पहले त्वचा पर नारियल तेल लगाएं, इससे रंग ढीला पड़ने लगता है। फिर 2 चम्मच बेसन, 1 चम्मच नारियल तेल और थोड़ा दूध मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे उबटन की तरह लगाकर धीरे-धीरे रगड़ें। इससे रंग भी निकलेगा और स्किन को मॉइश्चर भी मिलेगा।
3. नींबू, इनो और शैंपू
हाथों पर गहरा रंग हो तो आधे नींबू पर थोड़ा इनो और कुछ बूंदें शैंपू डालें। इसे 5–10 मिनट हल्के हाथों से रगड़ें। बाद में गुनगुने पानी से धो लें। रंग हल्का पड़ जाएगा और हाथ साफ दिखेंगे।
4. ऑलिव ऑयल और रूई
रूई में थोड़ा ऑलिव ऑयल लगाकर त्वचा पर हल्के हाथों से रगड़ें। यह मेकअप रिमूवर की तरह काम करता है, रंग हटाता है और त्वचा को नमी भी देता है।
5. सिरका और गुनगुना पानी
जिद्दी रंग के लिए गुनगुने पानी में थोड़ा सिरका मिलाएं। कॉटन या कपड़े से इसे प्रभावित हिस्से पर लगाएं और बाद में साफ पानी से धो लें। इससे रंग ढीला होकर आसानी से निकलने लगता है।
इन नुस्खों से बिना ज़्यादा रगड़-घिसाई के रंग साफ किए जा सकते हैं और त्वचा की सेहत भी बनी रहती है।
Written By - Namita Verma.








.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
