
बिहार विधानसभा चुनाव में भारी जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली का दौरा किया। यह उनका चुनाव के बाद पहला दिल्ली दौरा है, जिसे राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उनके साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी मौजूद थे। तीनों नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास पहुंचकर पीएम मोदी से विस्तार से बातचीत की।
अमित शाह से भी की मुलाकात
प्रधानमंत्री से मिलने से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर भी उनसे मुलाकात की। माना जा रहा है कि इन बैठकों में बिहार की राजनीतिक स्थिति और आने वाले फैसलों पर चर्चा हुई।
क्यों अहम है नीतीश कुमार का दिल्ली दौरा?
नीतीश कुमार का यह दौरा कई कारणों से अहम माना जा रहा है। हाल ही में बिहार बीजेपी संगठन में बड़े बदलाव हुए हैं। नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा बिहार सरकार में अगले चरण का मंत्रिमंडल विस्तार, और 2026 में होने वाले राज्यसभा व विधान परिषद चुनाव भी चर्चा के मुख्य विषय रहे।
मंत्रिमंडल विस्तार पर मंथन
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मुलाकात के दौरान बिहार मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर गंभीर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि खरमास के बाद मंत्रिमंडल विस्तार किया जा सकता है। फिलहाल मुख्यमंत्री समेत बिहार सरकार में 25 मंत्री हैं, जबकि नियमों के अनुसार कुल 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं। ऐसे में 10 से 11 नए मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है।
केसी त्यागी ने क्या कहा?
नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे को लेकर जदयू नेता केसी त्यागी ने कहा कि यह दौरा शिष्टाचार मुलाकात भी थी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को चुनाव में मिली जीत के लिए धन्यवाद दिया और शुभकामनाएं भी दीं। त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संदेश जदयू नेताओं को हमेशा याद रहता है कि “बड़ी जीत के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है।
चुनावी वादों और नए एजेंडे पर चर्चा
केसी त्यागी के अनुसार, चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को पूरा करने पर सरकार गंभीरता से काम कर रही है। बिहार में नए गवर्नेंस एजेंडा पर चर्चा हुई है, जो सरकार की मुख्य थीम है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की खासियत यह है कि वह जो कहती है, उसे जमीन पर लागू भी करती है।
बजट से पहले दौरे के मायने
बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने 243 में से 202 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है। नीतीश कुमार दसवीं बार मुख्यमंत्री बने हैं। चुनाव से पहले प्रधानमंत्री ने बिहार को विकसित राज्य बनाने का वादा किया था। ऐसे में आने वाले केंद्रीय बजट से पहले नीतीश कुमार का दिल्ली दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।
Saurabh Dwivedi





.jpg)

