.jpg)
महाराष्ट्र के निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन को जनता का जबरदस्त समर्थन मिला है। नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के नतीजों ने साफ कर दिया कि राज्य में विकास और सुशासन के एजेंडे पर लोगों ने एक बार फिर भरोसा जताया है। इस जीत को भाजपा और उसके सहयोगी दलों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।
महायुति को 200 से ज्यादा सीटों पर बढ़त
रविवार को घोषित नतीजों में महाराष्ट्र की कुल 288 सीटों (246 नगर परिषद और 42 नगर पंचायत) में से महायुति गठबंधन ने 200 से अधिक सीटों पर बढ़त हासिल की। यह परिणाम दिखाते हैं कि स्थानीय स्तर पर भी सत्तारूढ़ गठबंधन की पकड़ मजबूत बनी हुई है।
पीएम मोदी ने जताया जनता का आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी नतीजों पर खुशी जताते हुए सोशल मीडिया पर कहा कि महाराष्ट्र विकास के रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भाजपा और महायुति को समर्थन देने के लिए राज्य की जनता का धन्यवाद किया।
पीएम मोदी ने कहा कि यह जीत लोगों पर आधारित विकास के विजन में जनता के भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पूरे राज्य में नागरिकों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए नई ऊर्जा के साथ काम करती रहेगी।
सुशासन पर जनता की मुहर: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि चुनावी जनादेश यह साबित करता है कि जनता को विकासोन्मुखी और सुशासन वाली सरकार पर विश्वास है। उन्होंने पार्टी और गठबंधन के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर उनकी मेहनत की वजह से यह बड़ी जीत संभव हो पाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "महाराष्ट्र विकास के साथ मज़बूती से खड़ा है! नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भाजपा और महायुति को आशीर्वाद देने के लिए महाराष्ट्र के लोगों का आभारी हूं। यह लोगों पर आधारित विकास के हमारे विजन में भरोसे को दिखाता है। हम पूरे राज्य में हर… pic.twitter.com/5i2i4xxlD1
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 21, 2025
सुबह से शुरू हुई वोटों की गिनती
महाराष्ट्र की 286 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में अध्यक्ष और सदस्यों के चुनावों के लिए मतों की गिनती रविवार सुबह 10 बजे शुरू हुई थी। दिन भर चली गिनती के बाद तस्वीर साफ हो गई कि महायुति गठबंधन को साफ बढ़त मिली है।
भाजपा ने बनाया रिकॉर्ड: फडणवीस
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भाजपा ने इन चुनावों में नया रिकॉर्ड कायम किया है। पार्टी ने अपने चुनाव चिन्ह पर लड़ी गई पार्षद सीटों में से करीब 48 प्रतिशत पर जीत दर्ज की है। इसके साथ ही भाजपा के उम्मीदवार 129 नगर परिषदों में अध्यक्ष बने हैं।
फडणवीस ने बताया कि लगभग 3,300 भाजपा पार्षद निर्वाचित हुए हैं, जो स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय भाजपा के मजबूत संगठन और सरकार के विकास एजेंडे को दिया।
शायना एनसी ने शिवसेना की बढ़त को बताया ऐतिहासिक
महाराष्ट्र निकाय चुनावों में मिली सफलता पर शिवसेना नेता शायना एनसी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि साल 2017 के लोकल बॉडी चुनावों में शिवसेना के पास केवल 27 महापौर थे, लेकिन 2025 में पार्टी ने 60 स्थानों पर जीत दर्ज की है। यह नतीजे शिवसेना के लिए बड़ी उपलब्धि हैं और संगठन की बढ़ती ताकत को दिखाते हैं। शायना एनसी ने इस जीत का पूरा श्रेय शिवसेना प्रमुख और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत शिंदे के मजबूत नेतृत्व और जमीनी राजनीति का परिणाम है। पार्टी ने लोगों के बीच रहकर काम किया और उसका असर सीधे चुनाव नतीजों में दिखा।
#WATCH मुंबई, महाराष्ट्र: शिवसेना नेता शायना एनसी ने कहा, "2017 के लोकल बॉडी चुनावों में शिवसेना के पास केवल 27 महापौर थे। आज 2025 में हम 60 जगहों पर जीतकर आए हैं। हम इसका श्रेय अपने नेता एकनाथ शिंदे को देंगे... इस जीत से यह स्पष्ट होता है कि यह सच्ची शिवसेना है। जो लोग घर से… pic.twitter.com/F3tkI8FJgN
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 21, 2025
‘यही है सच्ची शिवसेना’ का दावा
शायना एनसी ने कहा कि इन चुनाव परिणामों से यह साफ हो गया है कि असली और सच्ची शिवसेना कौन-सी है। जनता ने उन लोगों को जवाब दे दिया है जो घर बैठे राजनीति करते हैं और जमीनी हकीकत से दूर हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग केवल बयानबाजी करते रहे, उन्हें जनता ने इस चुनाव में घर पर बैठा दिया है। यह जनादेश उन नेताओं के लिए संदेश है कि राजनीति जनता के बीच जाकर ही की जा सकती है।
Saurabh Dwivedi





.jpg)

.jpg)