भारतीय मिडसाइज एसयूवी सेगमेंट में हुंडई क्रेटा लंबे समय से मजबूत पकड़ बनाए हुए है। अब कंपनी इस सेगमेंट में एक नया मॉडल जोड़ने की तैयारी कर रही है। शुरुआत में माना जा रहा था कि हुंडई एक कॉम्पैक्ट एसयूवी पेश कर सकती है, जिसका मुकाबला टाटा नेक्सन और मारुति सुजुकी ब्रेजा जैसी कारों से होगा। हालांकि, हालिया जानकारी और टेस्टिंग के दौरान सामने आए मॉडल को देखकर तस्वीर कुछ अलग नजर आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हुंडई एक ऐसी एसयूवी पर काम कर रही है जिसकी लंबाई 4 मीटर से ज्यादा होगी। इसे कंपनी के पोर्टफोलियो में क्रेटा के नीचे रखा जा सकता है, यानी इसकी कीमत क्रेटा के मुकाबले कम होने की उम्मीद है। टेस्टिंग के दौरान इस नई एसयूवी को कई बार भारतीय सड़कों पर देखा जा चुका है। माना जा रहा है कि कंपनी इसे आगामी फेस्टिव सीजन से पहले बाजार में उतार सकती है। यह नया मॉडल ग्लोबल मार्केट में बिकने वाली Hyundai Bayon से प्रेरित हो सकता है। हालांकि, भारत में लॉन्च होने वाले मॉडल में डिजाइन, फीचर्स और मैकेनिकल सेटअप के स्तर पर कई बदलाव किए जाने की संभावना है।

क्रॉसओवर जैसा नजर आएगा डिजाइन

स्पाई तस्वीरों में टेस्टिंग मॉडल भारी कैमोफ्लॉज के साथ नजर आया है, लेकिन इसके बॉडी शेप और स्टांस से डिजाइन की कुछ अहम जानकारी मिलती है। इसका लुक पारंपरिक बॉक्सी एसयूवी की तुलना में ज्यादा क्रॉसओवर-केंद्रित दिखाई देता है। इसका प्रोफाइल मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स जैसी कारों की याद दिला सकता है। फ्रंट में स्प्लिट हेडलैंप डिजाइन देखने को मिलेगा। इसके साथ पूरी चौड़ाई में फैली एलईडी लाइट बार कार को आधुनिक लुक दे सकती है। सामने का डिजाइन हुंडई वरना से प्रेरित नजर आ सकता है, हालांकि नई एसयूवी का ग्राउंड क्लीयरेंस और स्टांस ज्यादा ऊंचा होगा। फ्रंट बंपर पर एयर इनटेक को दो हिस्सों में रखा जा सकता है और इनके बीच नंबर प्लेट की जगह होगी। साइड प्रोफाइल में पारंपरिक पुल-टाइप डोर हैंडल, रूफ रेल्स और बाहर की ओर निकले व्हील आर्च मिलेंगे। कुल मिलाकर इसका डिजाइन एसयूवी और क्रॉसओवर का मिश्रण नजर आ सकता है। पीछे की तरफ भी एलईडी लाइटिंग पर खास जोर दिया जा सकता है। यहां पतली एलईडी लाइट स्ट्रिप मिलने की उम्मीद है, जो फ्रंट में दिए गए लाइट सिग्नेचर के साथ तालमेल बनाएगी। टेलगेट के बीच में बूट ओपन करने के लिए हैंडल दिया जा सकता है।

केबिन में मिल सकता है ट्विन-स्क्रीन सेटअप

नई हुंडई एसयूवी के इंटीरियर को भी आधुनिक बनाने की तैयारी है। इसमें कंपनी का ट्विन-स्क्रीन डैशबोर्ड लेआउट देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें 12.3 इंच का डिस्प्ले शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा डुअल-टोन स्टीयरिंग व्हील और कई प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है। हालांकि, भारतीय मॉडल के फीचर्स और केबिन लेआउट की पूरी जानकारी कंपनी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही सामने आएगी।

ये भी पढ़ें- Ampere की पहली इलेक्ट्रिक बाइक Xyber भारत में हुई पेटेंट, जानें 200KM रेंज वाली बाइक की खासियत

CNG का भी मिल सकता है विकल्प

पावरट्रेन की बात करें तो नई एसयूवी में हुंडई क्रेटा के 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल किए जाने की संभावना है। यह इंजन करीब 115 एचपी की अधिकतम पावर देने में सक्षम है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल के साथ CVT गियरबॉक्स दिया जा सकता है। इसके अलावा हुंडई इस मॉडल में CNG पावरट्रेन भी पेश करने पर विचार कर सकती है। अगर CNG वर्जन बाजार में आता है, तो यह हुंडई की पहली ऐसी CNG कार हो सकती है जिसकी लंबाई 4 मीटर से अधिक होगी। इससे कंपनी को पेट्रोल के साथ ज्यादा किफायती फ्यूल विकल्प चाहने वाले ग्राहकों को आकर्षित करने में मदद मिल सकती है।