इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में अपनी पहचान बना चुकी Ampere अब इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल की दुनिया में एंट्री की तैयारी कर रही है। Greaves Electric Mobility के तहत काम करने वाली कंपनी ने हाल ही में भारत में अपने 4 लाख इलेक्ट्रिक स्कूटरों की बिक्री व रोल-आउट का आंकड़ा पार किया है। इसके बाद अब कंपनी की नजर इलेक्ट्रिक बाइक बाजार पर है। Ampere ने 2025 Bharat Mobility Global Expo में अपनी नई Xyber इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल का कॉन्सेप्ट पेश किया था। अब इस बाइक को भारत में पेटेंट भी मिल चुका है। पेटेंट डिजाइन को देखकर माना जा रहा है कि बाजार में आने वाला प्रोडक्शन मॉडल कॉन्सेप्ट के डिजाइन से काफी हद तक मिलता-जुलता हो सकता है।
दमदार और अलग डिजाइन
Ampere Xyber को कंपनी ने पारंपरिक इलेक्ट्रिक स्कूटरों से अलग लुक देने की कोशिश की है। बाइक के डिजाइन में आगे के हिस्से से लेकर रियर सबफ्रेम तक फैला हुआ एक बड़ा और मस्कुलर बॉडी पैनल नजर आता है। इससे मोटरसाइकिल को काफी अग्रेसिव रोड प्रेजेंस मिलती है। टैंक श्राउड्स और फ्रंट फ्लाईस्क्रीन पर Ampere की ब्रांडिंग दिखाई देती है। बाइक पर भारतीय तिरंगे का बैज भी लगाया गया है, जो इसके इंडियन ओरिजिन को दर्शाता है। इसके फ्रंट में आधुनिक LED हेडलैंप दिया गया है। खास बात यह है कि टर्न इंडिकेटर्स को फ्लाईस्क्रीन के दोनों ओर मौजूद विंगलेट जैसे डिजाइन एलिमेंट्स में जगह दी गई है। बाइक में एक और दिलचस्प डिजाइन एलिमेंट इसका चार्जिंग पोर्ट है। इसे उस स्थान पर रखा गया है, जहां सामान्य पेट्रोल मोटरसाइकिलों में फ्यूल टैंक कैप मिलता है।
X-शेप टेल लाइट से मिलेगा खास लुक
रियर सेक्शन में स्प्लिट सीट और अलग-अलग ग्रैब रेल्स दिए गए हैं। इसके अलावा पीछे X-आकार की LED टेल लाइट्स बाइक की पहचान को और मजबूत करती हैं। बता दें कि इसका डिजाइन पारंपरिक कम्यूटर मोटरसाइकिल के बजाय ज्यादा स्पोर्टी और फ्यूचरिस्टिक नजर आता है।
बैटरी और मोटर कैसी होगी?
Ampere Xyber की तकनीकी जानकारी अभी पूरी तरह सामने नहीं आई है, लेकिन कॉन्सेप्ट से जुड़े संकेत इसके पावरट्रेन को लेकर काफी दिलचस्प हैं। बाइक में बैटरी और मोटर के आसपास विशेष कवरिंग के साथ एयर-इंटेक जैसे एलिमेंट्स दिखाई देते हैं। इन डिजाइन एलिमेंट्स को देखते हुए संभावना है कि कंपनी इसमें लिक्विड-कूलिंग तकनीक का इस्तेमाल कर सकती है। हालांकि, इसके प्रोडक्शन वर्जन में यही सिस्टम मिलेगा या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। पावर की बात करें तो Xyber में करीब 10 kW की मिड-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर मिलने की उम्मीद है। यह लगभग 13.5 bhp के बराबर है। मोटर से मिलने वाली ताकत चेन ड्राइव के जरिए रियर व्हील तक पहुंच सकती है। रेंज के मामले में भी यह इलेक्ट्रिक बाइक काफी आकर्षक हो सकती है। अनुमान है कि फुल चार्ज पर Xyber करीब 200 किलोमीटर तक चलने में सक्षम हो सकती है। हालांकि, वास्तविक रेंज बैटरी क्षमता, राइडिंग मोड और ड्राइविंग कंडीशन पर निर्भर करेगी।
फीचर्स में भी नहीं होगी कमी
Ampere Xyber को प्रीमियम इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल के तौर पर पेश किया जा सकता है। इसमें पिल-शेप डिजाइन वाला TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलने की उम्मीद है। यह डिस्प्ले Bluetooth कनेक्टिविटी के साथ Google Maps आधारित नेविगेशन जैसी सुविधाओं को सपोर्ट कर सकता है। हैंडलिंग और राइडिंग डायनेमिक्स को बेहतर बनाने के लिए बाइक में फ्रंट में USD फोर्क्स और रियर में मोनोशॉक सस्पेंशन दिए जाने की संभावना है। ब्रेकिंग के लिए दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक और बेहतर ग्रिप के लिए चौड़े टायर्स मिल सकते हैं।
किन इलेक्ट्रिक बाइक्स से होगी टक्कर?
भारतीय बाजार में लॉन्च होने के बाद Ampere Xyber का मुकाबला इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल सेगमेंट में मौजूद Revolt, Oben Electric और Ola जैसे ब्रांड्स के मॉडल्स से हो सकता है। इसकी अनुमानित 200 किमी रेंज और मोटरसाइकिल जैसा डिजाइन इसे इस सेगमेंट में एक अलग विकल्प बना सकता है। फिलहाल Ampere ने Xyber की लॉन्च डेट, कीमत या प्रोडक्शन वर्जन की आधिकारिक तकनीकी जानकारी का खुलासा नहीं किया है। पेटेंट मिलने के बाद हालांकि इस इलेक्ट्रिक बाइक के जल्द बाजार में आने की उम्मीद जरूर बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें- Mahindra Thar 3-Door Facelift जल्द होगी लॉन्च, नए लुक से लेकर ADAS तक मिलेंगे बड़े अपडेट