बीएमडब्लू (BMW) ने भारतीय बाजार में अपनी नई X1 लॉन्ग व्हीलबेस को पेश कर दिया है। इसी के साथ कंपनी ने BMW i5 लॉन्ग व्हीलबेस के फर्स्ट एडिशन के लिए बुकिंग भी शुरू कर दी है। यह इलेक्ट्रिक सेडान आने वाले दिनों में भारत में आधिकारिक तौर पर लॉन्च की जाएगी। खास बात यह है कि i5 LWB First Edition को भारत में सिर्फ 99 यूनिट्स तक सीमित रखा जाएगा। BMW इस मॉडल को देश में ही असेंबल करेगी। इसका प्रोडक्शन कंपनी की चेन्नई स्थित मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में होगा। BMW iX1 के बाद यह कंपनी की दूसरी इलेक्ट्रिक कार होगी, जिसे चेन्नई प्लांट से तैयार करके बाजार में उतारा जाएगा। इसके अलावा, यह भारत में लोकली असेंबल होने वाली BMW की पहली इलेक्ट्रिक सेडान भी होगी।
जानिए बैटरी और रेंज
BMW i5 LWB में 81.6kWh क्षमता का बैटरी पैक दिया जाएगा। कंपनी के मुताबिक, एक बार फुल चार्ज करने पर यह इलेक्ट्रिक सेडान 669 किलोमीटर तक की क्लेम्ड रेंज देने में सक्षम होगी। परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें 268hp की अधिकतम पावर मिलेगी। यह कार महज 6.7 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल कर सकती है।
रियर सीट पैसेंजर्स पर खास फोकस
BMW ने i5 के लॉन्ग व्हीलबेस मॉडल को खासतौर पर रियर पैसेंजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया है। कार में रियर एक्सल एयर सस्पेंशन दिया गया है, साथ ही, इसके ग्राउंड क्लियरेंस में भी बढ़ोतरी की गई है, जिससे भारतीय सड़कों पर इसका इस्तेमाल ज्यादा सुविधाजनक हो सकता है। First Edition में रियर पैसेंजर्स के लिए एक खास एंटरटेनमेंट पैकेज भी मिलेगा। इसके तहत कार में एक टैबलेट और उसे रखने के लिए टैबलेट होल्डर दिया जाएगा।
First Edition का खास डिजाइन
BMW i5 LWB First Edition को रेगुलर मॉडल से अलग पहचान देने के लिए इसमें कई एक्सक्लूसिव डिजाइन एलिमेंट्स शामिल किए गए हैं। डैशबोर्ड पर First Edition की बैजिंग देखने को मिलेगी। इस स्पेशल एडिशन में Carbon Metallic पेंट के साथ Titanium Bronze एलिमेंट्स दिए जाएंगे। इसके अलावा, कार के एक्सटीरियर और इंटीरियर में सिल्वर-ब्रॉन्ज एक्सेंट्स का इस्तेमाल किया गया है, जो इसे स्टैंडर्ड मॉडल से अलग लुक देते हैं।
ये भी पढ़ें- Tesla Cybercab ने मचाई धूम! ड्राइवर नहीं फिर भी दौड़ेगी कार, अंदर मिलेगा गेमिंग का मजा
लंबा व्हीलबेस, ज्यादा केबिन स्पेस
BMW i5 LWB की लंबाई 5,175mm, चौड़ाई 2,156mm और ऊंचाई 1,520mm होगी। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका बढ़ा हुआ व्हीलबेस है। जहां स्टैंडर्ड BMW i5 में 2,995mm का व्हीलबेस मिलता है, वहीं लॉन्ग व्हीलबेस मॉडल में इसे बढ़ाकर 3,105mm कर दिया गया है, यानी पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए ज्यादा लेगरूम और बेहतर केबिन स्पेस मिलने की उम्मीद है। BMW का कहना है कि लंबे व्हीलबेस का सबसे बड़ा फायदा रियर सीट कम्फर्ट के रूप में मिलेगा। इस तरह i5 LWB को भारतीय ग्राहकों के लिए ज्यादा प्रीमियम और आरामदायक इलेक्ट्रिक सेडान के तौर पर पेश किया जाएगा।