Gonda School Dance Burqa Viral Video: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान हुए एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में कुछ छात्राएं बुर्का और नकाब पहनकर भोजपुरी और हिंदी गानों पर डांस करती नजर आ रही हैं।

मामला गोंडा जिले के खोण्डारे थाना क्षेत्र के औसनी बुजुर्ग स्थित नॉलेज बीम एकेडमी का बताया जा रहा है। करीब साढ़े चार मिनट के वायरल वीडियो में स्कूल की छात्राएं अलग-अलग गानों पर प्रस्तुति देती दिखाई दे रही हैं।बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित किया गया था। स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने कई प्रस्तुतियां दी थीं, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।

भोजपुरी और फिल्मी गानों पर हुई प्रस्तुति

वायरल वीडियो में छात्राओं को भोजपुरी और हिंदी फिल्मों के कुछ गानों पर डांस करते देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं।कुछ लोगों ने कार्यक्रम में इस्तेमाल किए गए पहनावे और गानों को लेकर आपत्ति जताई, वहीं कुछ लोगों ने इसे केवल सांस्कृतिक प्रस्तुति बताया।

स्कूल प्रबंधन ने दी सफाई, मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद स्कूल प्रबंधक राम सुरेश ने मामले पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में छात्राओं ने प्रस्तुति दी थी और इसका उद्देश्य सिर्फ सांस्कृतिक कार्यक्रम करना था।प्रबंधक के अनुसार, प्रस्तुति में शामिल छात्राएं हिंदू समुदाय से थीं और कार्यक्रम का किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई उद्देश्य नहीं था। उन्होंने कहा कि अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए क्षमा मांगते हैं और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं होगी।

BSA ने दिए जांच के आदेश

वीडियो वायरल होने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने मामले का संज्ञान लिया है।BSA ने कहा कि अगर स्कूल में इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया गया है तो इसकी जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर स्कूल की मान्यता से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जाएगी।

जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर

फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कार्यक्रम किन परिस्थितियों में आयोजित किया गया था और स्कूल स्तर पर नियमों का पालन हुआ या नहीं।वहीं, वायरल वीडियो को लेकर इलाके में चर्चा जारी है और प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर सभी की नजर बनी हुई है।


Written By: Shivashakti Narayan Singh