आज के समय में ट्रैफिक नियम पहले की तुलना में काफी सख्त हो चुके हैं। लोग आमतौर पर यह जानते हैं कि शराब पीकर गाड़ी चलाने, सीट बेल्ट न लगाने या तेज रफ्तार में वाहन चलाने पर चालान हो सकता है। लेकिन बहुत कम लोगों को यह जानकारी होती है कि कार के अंदर सिगरेट पीना भी आपको जुर्माने तक पहुंचा सकता है। अगर कोई व्यक्ति ड्राइविंग के दौरान धूम्रपान करता हुआ पकड़ा जाता है, तो ट्रैफिक पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।

गाड़ी में सिगरेट पीना गलत

मोटर व्हीकल नियमों के तहत ड्राइविंग करते समय ऐसी कोई भी गतिविधि, जो सड़क सुरक्षा को प्रभावित करे, नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में आ सकती है। कार में स्मोकिंग करना भी इसी दायरे में माना जाता है। कई लोग यह सोचते हैं कि कार उनका निजी स्थान है, इसलिए वहां सिगरेट पीना गलत नहीं है, लेकिन कानून के नजरिए से यह व्यवहार जोखिम भरा माना जाता है।

500 रुपये तक लग सकता है जुर्माना

कार में धूम्रपान करने पर DMVR 86.1(5)/177 MVA के तहत चालान काटा जा सकता है। पहली बार नियम तोड़ने पर करीब 500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। यदि वही गलती दोबारा की जाती है, तो यह राशि बढ़कर लगभग 1500 रुपये तक पहुंच सकती है। हालांकि अलग-अलग राज्यों में जुर्माने की रकम में थोड़ा अंतर हो सकता है।

यह नियम केवल कानून तक सीमित नहीं

यह नियम केवल कानून तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है। खासतौर पर CNG कारों में स्मोकिंग करना बेहद खतरनाक माना जाता है। यदि किसी कारण गैस लीक हो रही हो और उसी दौरान कार में सिगरेट जलाई जाए, तो आग लगने या विस्फोट जैसी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। यानी यह आदत सिर्फ आर्थिक नुकसान ही नहीं, बल्कि जान का खतरा भी पैदा कर सकती है।

सेहत पर पड़ सकता है बुरा असर

इसके अलावा बंद कार में सिगरेट का धुआं तेजी से फैलता है, जिससे साथ बैठे लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों के लिए यह और भी ज्यादा नुकसानदायक होता है। यही वजह है कि कई देशों में वाहन के अंदर स्मोकिंग पर सख्त प्रतिबंध लगाए गए हैं, खासकर तब जब कार में बच्चे मौजूद हों।

नियम तोड़ने पर तुरंत ऑनलाइन चालान होगी जारी

अब ट्रैफिक पुलिस कैमरों और ई-चालान सिस्टम का बड़े स्तर पर इस्तेमाल कर रही है। ऐसे में नियम तोड़ने पर तुरंत ऑनलाइन चालान जारी किया जा सकता है। इसलिए वाहन चलाने वाले हर व्यक्ति के लिए जरूरी है कि वह ट्रैफिक नियमों की सही जानकारी रखे और उनका पालन करे। छोटी-सी लापरवाही आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है और सड़क पर आपकी सुरक्षा को भी खतरे में डाल सकती है।

Written By Toshi Shah