Noida Authority New Project: नोएडा में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए भंगेल एलिवेटेड रोड पर बड़ा सुधार होने जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण ने इस एलिवेटेड रोड पर चार नए लूप बनाने की योजना तैयार कर ली है। इन लूप के बनने के बाद वाहन चालकों को एलिवेटेड रोड पर चढ़ने और उतरने में काफी आसानी होगी।
इस प्रोजेक्ट के लिए नोएडा प्राधिकरण ने मेहता कंस्ट्रक्शन कंपनी का चयन किया है। फिलहाल कंपनी के साथ अनुबंध की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों के मुताबिक अगस्त के अंत तक सभी औपचारिकताएं पूरी होने की उम्मीद है और इसके बाद 20 सितंबर के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जा सकता है।
बारिश के बाद शुरू होगा निर्माण कार्य
प्राधिकरण ने फिलहाल बारिश के कारण काम शुरू नहीं करने का फैसला लिया है। अधिकारियों का कहना है कि लूप निर्माण के लिए बड़े स्तर पर खुदाई करनी होगी। बारिश के दौरान खुदाई वाले स्थानों पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव करना पड़ेगा।बारिश खत्म होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार चारों लूप को तैयार होने में करीब दो साल का समय लग सकता है।
सेक्टर-49 और सेक्टर-107 के पास बनेंगे लूप
भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे सेक्टर-49 और सेक्टर-107 चौराहे के आसपास चारों लूप बनाए जाएंगे। प्रत्येक लूप की चौड़ाई करीब 7.5 मीटर और लंबाई लगभग 500 मीटर होगी।इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 51.84 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नोएडा प्राधिकरण ने अगस्त 2028 तक सभी लूप का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
डेढ़ से दो लाख लोगों को मिलेगा फायदा
DSC एलिवेटेड रोड के आसपास रहने वाले करीब डेढ़ से दो लाख लोगों को इन नए लूप का सीधा फायदा मिलेगा। अभी लूप की सुविधा नहीं होने के कारण आसपास के सेक्टरों में रहने वाले लोग एलिवेटेड रोड का पूरी तरह इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं।नए लूप बनने के बाद सेक्टर-49, सेक्टर-107 और आसपास के इलाकों से आने-जाने वाले लोग आसानी से एलिवेटेड रोड का उपयोग कर सकेंगे।
सूरजपुर और दादरी का सफर होगा आसान
चार नए लूप बनने के बाद दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन चालक सेक्टर-49 और हनुमान मूर्ति की ओर आसानी से उतर पाएंगे। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर और दादरी की तरफ जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।बता दें कि दादरी-सूरजपुर-छलेरा (DSC) मार्ग पर बना भंगेल एलिवेटेड रोड करीब 4.5 किलोमीटर लंबा है। यह सेक्टर-41 के आगाहपुर गांव के सामने से शुरू होकर फेज-2 के गंदे नाले तक जाता है। पिछले साल 18 नवंबर को इसे आम लोगों के लिए खोला गया था।फिलहाल लूप की कमी के कारण इसका इस्तेमाल सीमित क्षेत्रों के लोग ही कर पा रहे हैं। चारों नए लूप बनने के बाद एलिवेटेड रोड की उपयोगिता बढ़ेगी और दादरी रोड समेत आसपास के इलाकों में जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।