कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से कानून को हाथ में लेने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे एक युवक को परिजनों और ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद प्रेमी-प्रेमिका दोनों की लाठी-डंडों, लात-घूंसों और चप्पलों से बेरहमी से पिटाई की गई। युवक को रस्सी से बांधकर जमीन पर लिटाया गया और उसके पैरों के तलवों पर डंडे बरसाए गए।
कहां की है ये घटना?
दरअसल, ये घटना के डेरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खिरवां डेरा गांव की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, खिरवां डेरा गांव की रहने वाली एक महिला का करीब छह वर्ष पूर्व प्रेम विवाह हुआ था। बताया जा रहा है कि बीते दो महीनों से उसकी नजदीकी एक अन्य युवक से बढ़ गई थी। शुक्रवार दोपहर युवक महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था। प्रेमी के पहुंचने की भनक लगते ही ग्रामीणों ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और खेतों में काम कर रहे महिला के परिजनों को सूचित किया।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोनों को घर के अंदर पकड़ लिया और घर के आंगन में ही दोनों के साथ जमकर मारपीट की। प्रेमी को बचाने आई युवती को भी परिजनों ने नहीं बख्शा और उसकी भी पिटाई कर दी। घटना के दौरान युवक गिड़गिड़ाता और चिल्लाता रहा, लेकिन परिजनों का दिल नहीं पिघला।
पड़ोसी ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो पड़ोस के ही एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद निजी मामलों में इस तरह कानून हाथ में लेकर बर्बरता से सजा देने पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची 112 पीआरवी पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। डेरापुर थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि युवक का शांति भंग की धारा में चालान कर उसे छोड़ दिया गया है। वहीं वायरल हो रहे मारपीट के वीडियो की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़ें: प्रयागराज में आज छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी, पेपर लीक और लंबित भर्तियों पर सरकार को घेरेंगे
Written by Shailesh yadav