Kajol Birthday Special: बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्रियों में शामिल काजोल ने अपनी शानदार एक्टिंग और दमदार किरदारों से कई दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया है। 90 के दशक में काजोल ने कई ऐसी फिल्मों में काम किया, जो आज भी हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में गिनी जाती हैं। आज काजोल अपना 52वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर आइए जानते हैं उनकी उन चुनिंदा फिल्मों के बारे में, जिन्होंने उन्हें बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्रियों की लिस्ट में शामिल कर दिया और जिनकी चर्चा आज भी होती है।

दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे (1995)

काजोल और शाहरुख खान की जोड़ी वाली फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' साल 1995 में रिलीज हुई थी। आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी। फिल्म में काजोल ने सिमरन का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। रोमांस और इमोशन से भरपूर यह फिल्म आज भी लोगों की पसंदीदा फिल्मों में शामिल है।

कुछ कुछ होता है (1998)

साल 1998 में आई फिल्म'कुछ कुछ होता है' काजोल के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में से एक है। करण जौहर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में काजोल, शाहरुख खान, रानी मुखर्जी और सलमान खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। अंजलि के किरदार में काजोल ने अपनी मासूमियत और शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया था।

बाजीगर (1993)

काजोल की शुरुआती हिट फिल्मों में 'बाजीगर' का नाम भी शामिल है। साल 1993 में रिलीज हुई इस फिल्म में काजोल के साथ शाहरुख खान नजर आए थे। फिल्म में दोनों की केमिस्ट्री को काफी पसंद किया गया। अब्बास-मस्तान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शिल्पा शेट्टी भी अहम भूमिका में थीं।

प्यार तो होना ही था (1998)

अजय देवगन और काजोल की जोड़ी वाली फिल्म 'प्यार तो होना ही था' साल 1998 में रिलीज हुई थी। रोमांस और कॉमेडी से भरपूर इस फिल्म में दोनों कलाकारों की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिली। फिल्म की कहानी और कलाकारों की एक्टिंग को दर्शकों ने काफी सराहा था।

करण अर्जुन (1995)

सलमान खान और शाहरुख खान स्टारर फिल्म 'करण अर्जुन' में भी काजोल ने अपनी एक्टिंग का दम दिखाया था। फिल्म में काजोल और शाहरुख खान की जोड़ी को दर्शकों ने पसंद किया। राकेश रोशन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 90 के दशक की बड़ी हिट फिल्मों में शामिल रही।

काजोल की इन फिल्मों ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की, बल्कि हिंदी सिनेमा में उनकी अलग पहचान भी बनाई। यही वजह है कि आज भी उनके निभाए किरदार और उनकी फिल्में दर्शकों के बीच खास जगह रखती हैं।

 Written By: Sushma Pandey