Ear Wax Removal Home Remedies: कान में जमा होने वाली गंदगी यानी ईयर वैक्स (Ear Wax) शरीर की एक प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा है। यह कान को धूल, बैक्टीरिया और बाहरी गंदगी से बचाने में मदद करता है। लेकिन कई बार जब यह ज्यादा मात्रा में जमा हो जाता है तो कान में खुजली, भारीपन, बंद होने जैसा एहसास और सुनने में परेशानी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कई लोग कान का मैल निकालने के लिए कॉटन बड्स, माचिस की तीली या किसी नुकीली चीज का इस्तेमाल करते हैं। ऐसा करना नुकसानदायक हो सकता है। इससे कान की नाजुक त्वचा को चोट लग सकती है, मैल और अंदर तक धंस सकता है या कान के पर्दे को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए कान की सफाई करते समय सावधानी बरतना जरूरी है।

गुनगुने पानी से करें सफाई

ईयर वैक्स को नरम करने के लिए हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल किया जा सकता है। ड्रॉपर या बल्ब सिरिंज की मदद से कान में कुछ बूंदें पानी की डालें। कुछ समय बाद सिर को दूसरी तरफ झुकाएं ताकि पानी बाहर निकल जाए। इसके बाद कान के बाहरी हिस्से को साफ कपड़े से पोंछ सकते हैं। ध्यान रखें कि पानी बहुत गर्म न हो।

तेल की बूंदों से नरम हो सकता है मैल

कान में जमा सख्त मैल को मुलायम करने के लिए कुछ लोग तेल का इस्तेमाल करते हैं। इसके लिए नारियल तेल, बेबी ऑयल या बादाम तेल की कुछ बूंदें कान में डाली जा सकती हैं। कुछ मिनट बाद कान को नीचे की तरफ झुकाने पर तेल के साथ नरम हुआ वैक्स बाहर आ सकता है। कान के अंदर किसी चीज को डालकर सफाई करने से बचें।

हाइड्रोजन पैरोक्साइड का उपयोग भी किया जाता है

कुछ मामलों में ईयर वैक्स हटाने के लिए हाइड्रोजन पैरोक्साइड ड्रॉप्स का इस्तेमाल किया जाता है। इसे डालने के बाद कान में हल्की बुलबुले बनने या फिजिंग जैसी आवाज महसूस हो सकती है, जो वैक्स के नरम होने की प्रक्रिया का हिस्सा हो सकती है। हालांकि, इसका इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर रहता है, खासकर अगर कान में दर्द, संक्रमण या पर्दे से जुड़ी कोई समस्या हो।

हर बार कान का मैल निकालना जरूरी नहीं

ईयर वैक्स को पूरी तरह बेकार गंदगी समझना सही नहीं है। यह कान को सुरक्षित रखने में मदद करता है और कई बार अपने आप धीरे-धीरे बाहर निकल जाता है। अगर कान में दर्द नहीं है, सुनने में परेशानी नहीं हो रही है और मैल सामान्य मात्रा में है तो इसे हटाने की जरूरत नहीं पड़ती। अगर कान बंद महसूस हो रहा है, सुनाई कम दे रहा है या घर पर सफाई करने में परेशानी हो रही है तो किसी ENT विशेषज्ञ से जांच करवाना सबसे सुरक्षित विकल्प है। कान के अंदर किसी भी नुकीली चीज का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।

Written By: Sushma Pandey