Japan Earthquake: टोक्यो: जापान में रविवार तड़के आए तेज भूकंप से राजधानी टोक्यो समेत देश के पूर्वी हिस्से में धरती कांप उठी। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई। झटकों के बाद चार प्रांतों में कम से कम 23 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, ज्यादातर लोगों को मामूली चोटें आई हैं। फिलहाल सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

भूकंप का केंद्र दक्षिणी इबाराकी प्रांत में करीब 70 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है। जापान का यह इलाका भूकंप के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है और यहां अक्सर धरती के हिलने के झटके महसूस किए जाते हैं।

अचानक आए झटकों से मची अफरा-तफरी
भूकंप तड़के उस समय आया, जब ज्यादातर लोग अपने घरों में सो रहे थे। अचानक झटके महसूस होने के बाद कई लोग घबराकर बिस्तर से उठने की कोशिश में गिर गए या दरवाजों से टकरा गए। अधिकारियों के अनुसार, यही चोट लगने की प्रमुख वजह रही। घायलों में सेतामा में 9, कानागावा में 9, चिबा में 4 और इबाराकी में 1 व्यक्ति शामिल है।

कई इलाकों में बिजली और पानी की सप्लाई प्रभावित
भूकंप के बाद कई जगहों पर जमीन के नीचे पानी की पाइपलाइन टूटने की खबर सामने आई। टोक्यो में करीब 460 घरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई, हालांकि सुबह तक बिजली बहाल कर दी गई। झटकों के बाद लोगों के मोबाइल फोन पर आपातकालीन अलर्ट भी भेजे गए। स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए रखी है।

पीएम साने ताकाइची ने बनाई टास्क फोर्स
भूकंप के बाद जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची की सरकार ने नुकसान और स्थिति का आकलन करने के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया है। प्रशासन की टीमें प्रभावित इलाकों से जानकारी जुटा रही हैं और किसी भी संभावित नुकसान पर नजर रख रही हैं।

ट्रेनों की रफ्तार पर भी पड़ा असर
भूकंप के कारण जापान के पूर्वी हिस्से में रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं। ईस्ट जापान रेलवे कंपनी के अनुसार, टोक्यो और नारिता एयरपोर्ट के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों की कुछ लोकल ट्रेनों में देरी हुई। हालांकि, बुलेट ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं।

परमाणु संयंत्रों में कोई गड़बड़ी नहीं
भूकंप के बाद जापान की न्यूक्लियर रेगुलेशन अथॉरिटी ने परमाणु संयंत्रों की स्थिति की समीक्षा की। एजेंसी के मुताबिक करीब एक दर्जन परमाणु ऊर्जा संयंत्रों और परमाणु सामग्री से जुड़ी सुविधाओं में किसी तरह की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है। फिलहाल प्रशासन राहत और नुकसान के आकलन में जुटा है। साथ ही भूकंप के बाद आने वाले संभावित झटकों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। 

और पढ़ें: 

PoK में चीखते इंसान, खामोश नहीं रही दुनिया; 70+ ब्रिटिश सांसदों ने UN से मांगी कार्रवाई