Delhi University Election 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने निगरानी और सख्त कर दी है। चुनाव प्रचार के दौरान सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर कार्रवाई के लिए ऑनलाइन शिकायत पोर्टल सक्रिय किया गया है। अब छात्र ही नहीं, बल्कि कोई भी नागरिक चुनाव प्रचार से जुड़ी शिकायत इस पोर्टल के जरिए दर्ज करा सकता है।

चुनाव प्रचार के दौरान अगर कोई उम्मीदवार या समर्थक दीवार पर पोस्टर चिपकाता, नारे लिखता या किसी सार्वजनिक अथवा निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाता दिखाई देता है, तो उसकी तस्वीर लेकर ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत की जा सकती है।विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है। यानी नियमों के उल्लंघन की जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी।

शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग को भेजी जाएगी

मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राजकिशोर शर्मा के मुताबिक पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की रोजाना निगरानी की जाएगी। शिकायत की प्रकृति और गंभीरता को देखते हुए उसे संबंधित विभाग के पास कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।जरूरत पड़ने पर शिकायत दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम (MCD), प्रॉक्टोरियल बोर्ड, एंटी-डिफेसमेंट कमेटी या ग्रिवांस सेल को भी भेजी जा सकती है। इसका मकसद चुनाव प्रचार के दौरान नियम तोड़ने वालों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई करना है।

कॉलेजों को भी रखनी होगी नजर

DUSU चुनाव को लेकर एंटी-डिफेसमेंट सेल ने दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़े कॉलेजों के लिए एडवाइजरी जारी की है। कॉलेजों के प्राचार्यों और चुनाव प्रभारियों को अपने आसपास के इलाकों में निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।अगर प्रचार के दौरान किसी सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, तो उसे हटाने और इसकी जानकारी MCD को देने के लिए कहा गया है। छात्रों को भी चुनाव प्रचार के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने के लिए जागरूक किया जाएगा।

तीन समितियां संभाल रही हैं चुनावी निगरानी

विश्वविद्यालय ने चुनाव से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की निगरानी के लिए तीन प्रमुख समितियों को जिम्मेदारी दी है। प्रॉक्टोरियल बोर्ड कानून-व्यवस्था और पुलिस के साथ समन्वय का काम देख रहा है।वहीं, एंटी-डिफेसमेंट कमेटी का फोकस प्रचार के दौरान दीवारों और दूसरी संपत्तियों को नुकसान से बचाने पर है। ग्रिवांस सेल चुनाव से जुड़ी शिकायतों के निपटारे की जिम्मेदारी संभाल रहा है।

वाहनों और पार्किंग पर भी नजर

चुनाव प्रचार के दौरान वाहनों की आवाजाही और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी निगरानी की जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि फिलहाल कोई गंभीर शिकायत सामने नहीं आई है।DU के अनुसार छात्र निर्धारित लोकतंत्र दीवार का इस्तेमाल कर रहे हैं और अभी तक चुनाव प्रचार के कारण बड़े स्तर पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी सामने नहीं आई है। प्रशासन का जोर यही है कि चुनाव प्रचार लोकतांत्रिक तरीके से हो और सार्वजनिक संपत्ति को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे।