Delhi University Direct Admission 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी में ग्रेजुएशन की सीट पाने से चूक गए छात्रों के लिए राहत की खबर है। CUET UG के जरिए एडमिशन नहीं मिल पाने वाले उम्मीदवारों को अब एक और मौका मिलने जा रहा है। यूनिवर्सिटी के कुछ कॉलेजों में खाली बची UG सीटों को भरने के लिए डायरेक्ट एडमिशन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इस बार खास बात यह है कि छात्रों को दाखिले के लिए CUET स्कोर के बजाय 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर मौका दिया जाएगा। हालांकि, एडमिशन का पूरा फैसला संबंधित कॉलेज की मेरिट और खाली सीटों की संख्या पर निर्भर करेगा।जानकारी के मुताबिक, दिल्ली यूनिवर्सिटी के 11 कॉलेजों में अभी कुछ सीटें खाली हैं। इन सीटों को भरने के लिए कॉलेज अपने स्तर पर आवेदन प्रक्रिया शुरू करेंगे।
इन 11 कॉलेजों में मिल सकता है दाखिला
डायरेक्ट एडमिशन के लिए जिन कॉलेजों को शामिल किया गया है, उनमें शामिल हैं-
- कालिंदी कॉलेज
- लक्ष्मीबाई कॉलेज
- जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज (ईवनिंग)
- पीजीडीएवी कॉलेज (ईवनिंग)
- अदिति महाविद्यालय
- श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स
- राजधानी कॉलेज
- श्यामा प्रसाद मुखर्जी महिला कॉलेज
- विवेकानंद कॉलेज
- श्याम लाल कॉलेज
- भगिनी निवेदिता कॉलेज
किन छात्रों के लिए है यह मौका?
वे छात्र जिन्होंने 12वीं बोर्ड परीक्षा पास कर ली है, लेकिन अभी तक किसी भी UG कोर्स में प्रवेश नहीं ले पाए हैं, वे इन खाली सीटों के लिए आवेदन कर सकते हैं।इसके अलावा CUET UG में कम अंक आने या सामान्य एडमिशन राउंड में सीट नहीं मिलने वाले छात्रों के लिए भी यह एक अच्छा अवसर माना जा रहा है।
12वीं के नंबरों से बनेगी मेरिट लिस्ट
कॉलेज छात्रों की 12वीं की मार्कशीट और उपलब्ध सीटों के आधार पर चयन करेंगे। आवेदन करते समय उम्मीदवारों को मार्कशीट समेत जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे।हालांकि, हर कॉलेज अपने कोर्स के हिसाब से अलग-अलग योग्यता और नियम तय कर सकता है। इसलिए छात्रों को आवेदन से पहले संबंधित कॉलेज की वेबसाइट पर जानकारी जरूर चेक करनी चाहिए।
DU में दाखिले का आखिरी मौका साबित हो सकता है
CUET के बाद भी जिन छात्रों का दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडमिशन नहीं हो पाया था, उनके लिए यह मौका काफी अहम है। खाली सीटों के भरने के बाद दोबारा एडमिशन का अवसर मिलना मुश्किल हो सकता है, इसलिए इच्छुक छात्रों को समय पर आवेदन करने की सलाह दी गई है।