विशाखापत्तनम के वन टाउन क्षेत्र के एक निजी स्कूल में छह वर्षीय बच्चे की मौत के बाद सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रणय तेजा के रूप में हुई है। परिवार ने आरोप लगाया है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर उसके क्लास टीचर ने उसे डराया और कथित तौर पर डंडे से पीटा। इसके बाद बच्चा बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे किंग जॉर्ज अस्पताल (केजीएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने घटना के पीछे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। परिवार के मुताबिक, प्रणय गुरुवार, 20 अगस्त की सुबह बिल्कुल सामान्य स्थिति में घर से स्कूल के लिए निकला था। उस दिन उसने खुद स्कूल जाने की इच्छा जताई थी। परिजनों ने शुरुआत में उसे स्कूल भेजने से इनकार किया था, लेकिन परीक्षाएं नजदीक होने के कारण बाद में उसे स्कूल भेज दिया गया।

स्थानीय लोगों ने दी बच्चे  

बच्चे के पिता के अनुसार, दोपहर में उन्हें बेटे के साथ कुछ अनहोनी होने की जानकारी मिली। उनका कहना है कि यह सूचना स्कूल की ओर से नहीं दी गई, बल्कि उनके जीजा के घर के पास काम करने वाले कुछ स्थानीय रसोइयों ने उन्हें फोन कर बताया था।

अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

पिता ने आरोप लगाया कि स्कूल के सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद उन्हें शिक्षक द्वारा बच्चे को डराने और कथित रूप से छड़ी से मारने की जानकारी मिली। परिवार का दावा है कि घटना के बाद बच्चा सदमे में गिर पड़ा और उसकी हालत बिगड़ गई। पिता के मुताबिक, अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की मौत वहां पहुंचने से करीब आधे घंटे पहले ही हो चुकी थी।

परिजनों का आरोप- स्कूल में पहले भी बच्चों की पिटाई

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि स्कूल में बच्चों के साथ मारपीट की यह पहली घटना नहीं है और इससे पहले भी अन्य विद्यार्थियों को पीटे जाने की शिकायतें सामने आई हैं। परिवार ने पुलिस और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।