Trump Warning Iran: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने दावा किया है कि अगर ईरान ने अमेरिका के खिलाफ कोई बड़ा कदम उठाया तो उसे बेहद गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

ट्रंप ने कहा कि अभी तक की कार्रवाई सबसे बड़ी नहीं है और आगे इससे भी बड़ा हमला हो सकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हालात बिगड़े तो ईरान को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

IRGC ठिकानों पर अमेरिकी कार्रवाई का दावा

अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने दावा किया है कि उसने ईरान में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया है।अमेरिका के मुताबिक, यह कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ती सैन्य गतिविधियों और अमेरिकी सैनिकों व व्यापारिक जहाजों को संभावित खतरे को देखते हुए की गई।अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि ईरानी ठिकानों पर की गई कार्रवाई क्षेत्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है।

ईरान ने चार प्रोजेक्टाइल गिरने का किया दावा

वहीं ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पास चाबहार और कोनारक क्षेत्र में चार प्रोजेक्टाइल गिरे हैं।ईरानी अधिकारियों के अनुसार, अभी तक इन हमलों से हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

ईरानी लॉन्चरों को बनाया गया निशाना

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने इससे पहले ईरान के लराक द्वीप पर मौजूद रॉकेट लॉन्चर सिस्टम को भी निशाना बनाया था।अमेरिका का कहना है कि इन सैन्य अभियानों का उद्देश्य ईरान को समुद्री रास्तों में बाधा पैदा करने और जहाजों को निशाना बनाने से रोकना है।

ट्रंप बोले- ईरान की अर्थव्यवस्था और सेना कमजोर

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी और इजरायली सैन्य कार्रवाई से ईरान काफी कमजोर हो चुका है। उन्होंने कहा कि ईरान की सेना और अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ा है।हालांकि ईरान की ओर से अमेरिकी दावों पर लगातार सवाल उठाए जाते रहे हैं और दोनों देशों के बीच बयानबाजी तेज होती जा रही है।अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने पूरे मध्य पूर्व की स्थिति को चिंताजनक बना दिया है। अब दुनिया की नजर इस बात पर है कि ईरान इस चेतावनी का क्या जवाब देता है और आने वाले दिनों में हालात किस दिशा में जाते हैं।