उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को अपडेट करने का काम तेजी से चल रहा है। इसी कड़ी में लोगों को वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाने और जानकारी में सुधार कराने का मौका देने के लिए दो दिन का विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 5,59,178 आवेदन प्राप्त हुए।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उन योग्य नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना था, जिनके नाम अब तक दर्ज नहीं हो पाए हैं। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।

बूथों पर मौजूद रहे बीएलओ

अभियान के दौरान प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहे, उन्होंने लोगों को वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और पहले से दर्ज जानकारी में बदलाव करने की प्रक्रिया के बारे में बताया। इस दौरान बड़ी संख्या में आवेदन भी जमा किए गए।

इन जिलों के अधिकारियों को दिए गए निर्देश

नवदीप रिणवा ने अभियान को अच्छी तरह चलाने के लिए हाथरस, गाजीपुर, संभल, कौशांबी, मथुरा, अमेठी और बाराबंकी के जिला निर्वाचन अधिकारियों की सराहना की। वहीं, गाजियाबाद, बुलंदशहर, वाराणसी, भदोही, प्रयागराज, हमीरपुर, अंबेडकरनगर, अमरोहा, मेरठ और गौतमबुद्धनगर के अधिकारियों को मतदाता पंजीकरण बढ़ाने के लिए और मेहनत करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से कहा कि आने वाले विशेष अभियानों को भी प्रभावी तरीके से चलाया जाए। ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं और प्राप्त आवेदनों पर तय समय के भीतर कार्रवाई की जाए।

ये भी पढ़ें- Brazil में सत्ता की जंग में लूला की बाजी, भारत के लिए क्यों अहम है यह नतीजा?

वोटर लिस्ट में अपना नाम ऐसे जांचें

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। अगर किसी योग्य नागरिक का नाम सूची में नहीं है, तो वह नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकता है। वहीं, नाम, पता या अन्य दर्ज जानकारी में सुधार कराने के लिए फॉर्म-8का इस्तेमाल किया जा सकता है।

मतदाता पंजीकरण से जुड़ी जानकारी पाने के लिए लोग मतदाता सेवा पोर्टल और ECINET ऐप की मदद भी ले सकते हैं। इसके अलावा, इन माध्यमों पर उपलब्ध ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के जरिए बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क करने की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।