लैपटॉप की स्क्रीन आमतौर पर एक तय आकार में होती है और इस्तेमाल के दौरान उसे सिर्फ खोला या बंद किया जा सकता है, लेकिन Lenovo अब स्क्रीन के आकार को ही जरूरत के मुताबिक बदलने की दिशा में काम कर रही है। IFA 2026 में कंपनी ने Project Swan नाम का एक नया कॉन्सेप्ट लैपटॉप पेश किया है। इसकी खासियत यह है कि इसकी डिस्प्ले सामान्य तरीके से फोल्ड होने के बजाय रोल होकर बाहर की तरफ फैलती है। इस तकनीक के जरिए यूजर जरूरत पड़ने पर कॉम्पैक्ट स्क्रीन को बड़ा कर सकता है। यानी भविष्य में लैपटॉप को केवल पतला और हल्का बनाने पर ही ध्यान नहीं होगा, बल्कि एक ही डिवाइस में अलग-अलग स्क्रीन साइज का विकल्प भी मिल सकता है।
14 इंच से 17 इंच तक बढ़ेगी स्क्रीन
Project Swan अभी डेवलपमेंट स्टेज में मौजूद एक प्रोटोटाइप है। इसमें 14 इंच की डिस्प्ले को रोलिंग मैकेनिज्म की मदद से करीब 17 इंच तक विस्तारित किया जा सकता है। इसका आस्पेक्ट रेशियो 16:9 है, जो इसे सामान्य वाइडस्क्रीन लैपटॉप जैसा लुक देता है। 672 पिक्सल तक पहुंच जाता है। कंपनी ने इस पैनल को लगभग 4K क्लास का डिस्प्ले बताया है। यह डिजाइन Lenovo के पुराने ThinkBook Plus Rollable से काफी अलग है। उस डिवाइस में स्क्रीन ऊपर की दिशा में फैलती थी और डिस्प्ले का आकार 14 इंच से बढ़कर लगभग 16.7 इंच हो जाता था। Project Swan में इसके उलट स्क्रीन की चौड़ाई बढ़ाने पर फोकस किया गया है।
चौड़ी स्क्रीन के साथ अलग डिजाइन
Lenovo पहले भी रोल होने वाली स्क्रीन वाले लैपटॉप के कॉन्सेप्ट दिखा चुकी है। CES 2026 में कंपनी ने Legion Pro Rollable पेश किया था, जिसमें डिस्प्ले को अलग-अलग चरणों में 16 इंच से 21.5 इंच और फिर 23.8 इंच तक बढ़ाया जा सकता था। Project Swan में कंपनी ने स्क्रीन के साथ-साथ इस्तेमाल के अनुभव पर भी ध्यान दिया है। डिस्प्ले को बढ़ाने या वापस छोटा करने के लिए कीबोर्ड के ऊपर दिए गए फंक्शन बटन का इस्तेमाल किया जा सकता है। Lenovo का कहना है कि चौड़ी स्क्रीन वाला यह फॉर्म फैक्टर लैपटॉप को बेहतर तरीके से बैलेंस करने में मदद करता है, साथ ही, इसका उद्देश्य बड़े डिस्प्ले का फायदा देने के बावजूद डिवाइस को पारंपरिक लैपटॉप के आकार के करीब रखना है। बड़ी स्क्रीन का इस्तेमाल खासतौर पर मल्टीटास्किंग और ज्यादा विजुअल स्पेस की जरूरत वाले कामों में उपयोगी हो सकता है।
ये भी पढ़ें- Invisible Unicode Characters से हो रहा Phishing Attack, Microsoft ने दी बड़ी चेतावनी
कब आएगा और कितनी होगी कीमत?
अभी Project Swan को केवल एक कॉन्सेप्ट प्रोटोटाइप के तौर पर प्रदर्शित किया गया है। Lenovo ने फिलहाल इसके कमर्शियल लॉन्च को लेकर कोई निश्चित तारीख नहीं बताई है। कंपनी ने इसकी संभावित कीमत या उपलब्ध होने वाले हार्डवेयर कॉन्फिगरेशन की जानकारी भी साझा नहीं की है। इसलिए फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि रोल होने वाली स्क्रीन वाला यह लैपटॉप आम यूजर्स तक कब पहुंचेगा। हालांकि, Project Swan यह संकेत जरूर देता है कि भविष्य के लैपटॉप में डिस्प्ले का आकार स्थायी नहीं, बल्कि जरूरत के अनुसार बदलने वाला फीचर बन सकता है।