मथुरा : उत्तर प्रदेश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मथुरा में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। इस बार चप्पे-चप्पे पर पुलिस की खास व्यवस्था की गई है। जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर मथुरा के मंदिरों में भारी भीड़ होती है। ऐसे में कुछ लोग अपनी नापाक मनसूबों को नाकाम करने से पहले ही पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष प्लान तैयार कर लिया है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को 7 जोन 35 सेक्टर में बांटा है। ट्रैफिक व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। जमीन से लेकर आसमान तक इस बार फुल प्रूफ तैयारी की गई है।
जन्माष्टमी पर होगी खास सुरक्षा व्यवस्था
जन्माष्टमी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आगरा ज़ोन ADG एस.के.भगत ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 तारीख की मध्यरात्रि से पहले कृष्ण जन्मोत्सव के पर्व की खास तैयारी की गई है। प्रशासन ने सभी अधिकारियों के साथ गश्त कर समीक्षा बैठक की है। मथुरा में पूरे क्षेत्र को 7 ज़ोन और 35 सेक्टर में बांटा गया है। DIG और SSP की तरफ से मांगी गई फोर्स लखनऊ पुलिस मुख्यालय की तरफ से पहले ही भेजी चा चुकी है। इस बार हम लोगों ने होल्डिंग एरिया की संख्या बढ़ाई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो। मैं उम्मीद करता हूं कि यह व्यवस्था सुचारू रूप से चलेगी। अकेले वृंदावन को 4 जोन और 20 सैक्टर में बांटा गया है।
3 से 5 सितंबर तक मथुरा-वृंदावन शहर में ट्रैफिक डायवर्जन,नो-एंट्री की व्यवस्था
इस वर्ष मथुरा में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजूबत बनाने के लिए जन्माष्टमी महोत्सव के लिए ट्रैफिक व्यवस्था का विशेष खाका तैयार किया है। 3 से 5 सितंबर तक मथुरा-वृंदावन शहर में खास रूट डायवर्जन कर नो-एंट्री व्यवस्था की तकनीक को लागू किया जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं को ब्रज में प्रमुख मंदिरों, धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मंदिरों में प्रवेश के दौरान स्कैनिंग और मेटल डिटेक्टर द्वारा चैकिंग की जाएगी। प्रमुख मंदिरों में दर्शन के समय को लेकर भी व्यवस्थाएं की गई है। इसके साथ ही मंदिरों के आस-पास ट्रैफिक को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करने के अपील के साथ-साथ पुलिस ने अफवाह फैलाने वालों पर नकेल कसने की भी व्यवस्था कर ली है।
ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शनार्थियों की पार्किंग व्यवस्था पर खास ध्यान
इस बार वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को विशेष QR कोड पास जारी किया जाएगा। श्रद्धालु QR कोड को स्कैन कर जरूरी सूचना मिलेगी। इसके साथ ही मंदिर दर्शन के समय को लेकर भी काफी जानकारी इसी से उपलब्ध हो जाएगी। मथुरा-वृंदावन की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर 125 से अधिक बैरियर लगाए गए हैं। वाहनों को निर्धारित अस्थायी पार्किंग स्थलों पर भेजा जाएगा। श्रद्धालुओं को आगे की यात्रा पैदल तय करनी होगी। पुलिस और पीएसी के 5 से 6 हजार जवानों की तैनाती की गई है। भीड़ पर पैनी नजर बनाए रखने के लिए ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी और वाच टावरों का इस्तेमाल किया जाएगा। आगरा, झांसी, अलीगढ़,मेरठ, लखनऊ और बरेली से अतिरिक्त पुलिस बल मांगा गया था। नोडेल अधिकारी के तौर पर एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, एसपी सुरक्षा राज कुमार अग्रवाल को बनाया है।
मथुरा में खास होता है श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव
श्रीकृष्ण के जन्म को लेकर सबसे ज्यादा हर्ष मथुरा में होता है। क्योंकि मथुरा में ही कारागार के अंदर भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मध्यरात्रि में श्री कृष्ण का जन्म हुआ था। ऐसे में मथुरा में मध्यरात्रि 12 बजे के बाद ही श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का जश्न मनाया जाता है। जैसे जैसे रात्रि आगे बढ़ती है वैसे ही श्रद्धालुओं में अलग ही उत्साह देखने को मिलता है। विशेष पूजा-अर्चना, पंचामृत से स्नान और पवित्र जल से अभिषेक कर श्रीकृष्ण का सुंदर श्रृंगार किया जाता है। उन्हें आभूषण व रेशमी वस्त्रों से सजाया जाता है। तरह-तरह की झांकियां निकाली जाती है।
इन मंदिरों में होगी पुलिस की भीड़ पर नजर
बांके बिहारी जी मंदिर, प्रेम मंदिर, विश्राम घाट, इस्कॉन मंदिर, ब्रज में खास तौर पर पुलिस ने भीड़ को संभालने के लिए इंतजाम किए हैं। क्योंकि सीएम योगी ने भी पूर्व में ही निर्देश दे दिए थे। ऐसे में ADG लेवल के अधिकारी खुद गश्त पर रहेंगे। 4 तारीख की रात्रि में कृष्ण जन्मोत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन के तमाम आला अधिकारियों के साथ मोर्चा संभालेंगे। पूरे क्षेत्र को पुलिस ने 7 ज़ोन और 35 सेक्टर में बांटा दिया है। जिससे व्यवस्था को संभालने में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हो। DIG और SSP की तरफ से मांगी गई फोर्स मुख्यालय की तरफ से भेज दी गई है। जिन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। इस बार पुलिस ने होल्डिंग एरिया की संख्या भी बढ़ाई है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। ड्रोन का भी प्रयोग पुलिस समय-समय पर करती रहेगी।
अतिरिक्त सुरक्षा के लिए खास तैयारी
सुरक्षा बल में 8 कंपनी पीएसी, एक कंपनी फ्लड और पीएसी की एक कंपनी आरएएफ की और करीब 2 हजार कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। एडीजी, मंडलायुक्त, डीआईजी ने जन्मस्थान व आस-पास गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले लिया है। एसएसपी श्लोक कुमार, डीएम सीपी सिंह, आयुक्त ओजस्वी राज भी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने अपने मुखबिरों को भी एक्टिव कर दिया है। इस बार पुलिस की तैयारी इस तरह की है। जिसमें किसी तरह की नापाक साजिश को पूरा करना नामुमकिन साबित होगा।
यह भी पढ़ें: आज का राशिफल: 2 सितंबर को इन राशियों को मिलेंगे शुभ परिणाम