पटना के चर्चित कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उन पर लगे आरोपों के बीच अब निखिल कोचिंग के संचालक निखिल कुमार उर्फ रंजीत सिंह ने सामने आकर गंभीर दावे किए हैं, उन्होंने खान सर के खिलाफ जांच की मांग करते हुए नार्को टेस्ट कराने की भी बात कही है। दरअसल, करीब एक सप्ताह पहले उत्तर प्रदेश की रहने वाली एक महिला ने पीरबहोर थाने में शिकायत देकर खान सर पर आरोप लगाए थे। महिला का दावा है कि साल 2017 में जब वह पटना में रहकर पढ़ाई करती थी, तब उसकी एक दोस्त के साथ खान सर के कथित अवैध संबंध थे। शिकायत में महिला ने निखिल कोचिंग का भी जिक्र किया था।
निखिल कुमार ने लगाए गंभीर आरोप
निखिल कोचिंग के संचालक निखिल कुमार उर्फ रंजीत सिंह ने 29 अगस्त को मीडिया से बातचीत में कहा कि फैजल खान पहले उनके कोचिंग संस्थान में शिक्षक के तौर पर जुड़े हुए थे, उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर का व्यवहार और चरित्र ठीक नहीं था, जिसकी वजह से वह कई विवादों में रहे हैं। निखिल कुमार ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की, उन्होंने कहा कि अगर जांच होती है तो कई तथ्य सामने आ सकते हैं, साथ ही उन्होंने खान सर का नार्को टेस्ट कराने की मांग भी रखी।
"2019 में गलत तरीके से कोचिंग पर कब्जा किया"
निखिल कुमार ने दावा किया कि फैजल खान साल 2015 में पटना आए थे और अलग-अलग कोचिंग संस्थानों में पढ़ाते थे, उन्होंने बताया कि 2017 में खान सर उनके संपर्क में आए और उन्हें निखिल कोचिंग में पढ़ाने का मौका दिया गया। निखिल कुमार का आरोप है कि बाद में खान सर ने गलत तरीके से उनके कोचिंग संस्थान पर कब्जा कर लिया, उन्होंने कहा कि खान ग्लोबल स्टडीज में आज भी बिजली का मीटर उनके नाम पर है। निखिल कुमार ने यह भी दावा किया कि उनके पास इस मामले से जुड़े कई सबूत हैं, जिन्हें वह पुलिस को सौंपेंगे।
पुलिस से जांच की मांग
निखिल कुमार ने बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है, उन्होंने कहा कि उन्होंने शिकायत दी है, लेकिन अभी तक जांच शुरू नहीं हुई है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस के सामने वह कई अहम साक्ष्य पेश करेंगे।
महिला ने शिकायत में क्या कहा?
वहीं, आरोप लगाने वाली महिला ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि खान सर उसकी दोस्त के कमरे पर कई घंटों तक आते-जाते थे। महिला के मुताबिक, जब उसने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर खान सर नाराज हो गए और उसे परेशान करने की कोशिश की गई। महिला ने अपनी सुरक्षा को लेकर पीरबहोर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, इस पूरे मामले में खान सर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो पाएगी।