हैदराबाद: तेलंगाना विधानसभा परिसर में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वरिष्ठ IAS अधिकारी नवीन मित्तल के पर्सनल सेक्रेटरी (PS) राजू अचानक गिर पड़े। मौके पर मौजूद तेलंगाना के मंत्री वकिटी श्रीहरि ने बिना देर किए उन्हें CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया। इसके बाद मेडिकल स्टाफ की मदद से राजू को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

कांग्रेस PRO के मुताबिक, विधानसभा परिसर में राजू के अचानक गिरने की जानकारी मिलते ही मंत्री वकिटी श्रीहरि ने तुरंत स्थिति संभाली। उन्होंने राजू को CPR दिया और मेडिकल टीम के पहुंचने तक उनकी मदद की। बाद में उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। घटना विधानसभा के चल रहे सत्र के दौरान हुई।

पहले दिन BRS नेताओं और अधिकारियों में हुआ था विवाद
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब विधानसभा सत्र के पहले दिन ही परिसर में विपक्षी भारत राष्ट्र समिति (BRS) के नेताओं और अधिकारियों के बीच टकराव को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। सोमवार को हुई इस घटना के बाद सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी BRS के बीच राजनीतिक तनाव और बढ़ गया।
मंगलवार को मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का ने विधानसभा अध्यक्ष गद्दाम प्रसाद कुमार से उनके चैंबर में मुलाकात की। दोनों नेताओं ने विधानसभा के पहले दिन हुए घटनाक्रम के बीच स्पीकर के प्रति एकजुटता जताई।

BRS नेताओं की गिरफ्तारी के बाद प्रदर्शन
उधर, BRS के MLC टी. मधुसूदन राव उर्फ टाटा मधु और एन. नवीन कुमार रेड्डी की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को नारायणगुड़ा पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद सैफाबाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे BRS नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। दोनों MLCs को विधानसभा अध्यक्ष गद्दाम प्रसाद कुमार के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में गिरफ्तार किया गया है।