Prashant Kishor Employment Plan: बिहार की राजनीति में लगातार चर्चा में बने रहने वाले जन सुराज पार्टी के विधायक प्रशांत किशोर ने जनता से सीधे जुड़ने के लिए एक नई पहल शुरू की है। पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित उनके सरकारी आवास को अब निजी रहने की जगह नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
प्रशांत किशोर ने अपने सरकारी आवास का नाम ‘बांकीपुर जन सेवा केंद्र’ रखा है। उन्होंने साफ कहा है कि वह इस घर में खुद नहीं रहेंगे, बल्कि यहां से क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके समाधान के लिए काम किया जाएगा।इस केंद्र का उद्देश्य जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के लिए अलग-अलग जगहों पर भटकना न पड़े।
जनता की शिकायतों के लिए खुलेगा केंद्र
प्रशांत किशोर ने बताया कि पूजा-पाठ के बाद ‘बांकीपुर जन सेवा केंद्र’ की शुरुआत कर दी गई है। इस केंद्र में आम लोग सीधे पहुंचकर अपनी शिकायतें, सुझाव और क्षेत्र से जुड़ी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।उन्होंने कहा कि कोशिश होगी कि लोगों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान कराया जाए और सरकारी तंत्र के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम किया जाए।
10 हजार लोगों को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य
प्रशांत किशोर ने इस जन सेवा केंद्र के जरिए युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने का भी लक्ष्य रखा है।
उनकी योजना के मुताबिक
- बांकीपुर क्षेत्र के करीब 10 हजार बेरोजगार युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
- निजी स्कूलों की बढ़ती फीस और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं पर काम किया जाएगा।
- पटना की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और नशे के कारोबार पर रोक लगाने को प्राथमिकता दी जाएगी।
- लोगों की समस्याओं को लेकर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की जाएगी।
भाजपा के मजबूत किले में दर्ज की थी जीत
प्रशांत किशोर ने हाल ही में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव जीतकर जन सुराज पार्टी के पहले विधायक बनने का रिकॉर्ड बनाया था।बांकीपुर सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। भाजपा विधायक नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद यहां उपचुनाव हुआ था।चुनाव परिणाम में प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 19 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने 17 अगस्त को विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ली।
विधायक बनने के बाद लगातार सुर्खियों में पीके
विधानसभा पहुंचने के बाद से प्रशांत किशोर अपने फैसलों और योजनाओं को लेकर लगातार चर्चा में हैं। ‘बांकीपुर जन सेवा केंद्र’ को जनता से सीधे जुड़ने की उनकी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।अब देखना होगा कि रोजगार, शिक्षा और स्थानीय समस्याओं को लेकर किए गए उनके वादे जमीन पर कितना असर दिखाते हैं।