ग्रेटर नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के शुरू होने के साथ ग्रेटर नोएडा में बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को देखते हुए प्राधिकरण ने बड़ी योजना तैयार की है। बोड़ाकी में प्रस्तावित मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब (MMLH) को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए छह लेन की एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी। यह सड़क खास तौर पर मालवाहक वाहनों के लिए उपयोगी होगी। इससे मालवाहक वाहनों को शहर के सामान्य यातायात से अलग रास्ता मिलेगा और जाम में फंसे बिना लॉजिस्टिक हब से एयरपोर्ट के एयर कार्गो टर्मिनल तक माल पहुंचाना आसान होगा।
मास्टर प्लान-2041 में किया जाएगा संशोधन
मालवाहक और यात्री वाहनों की आवाजाही को अलग-अलग करने के लिए महायोजना-2041 में संशोधन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। सोमवार को लखनऊ में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने इसका प्रस्तुतिकरण दिया। बैठक में अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्राधिकरण का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने के बाद क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ेगा। ऐसे में मालवाहक वाहनों के लिए अलग कॉरिडोर तैयार करना जरूरी होगा।
MMLH से एयर कार्गो टर्मिनल तक सीधे पहुंचेगा माल
प्रस्तावित छह लेन की एलिवेटेड रोड बोड़ाकी मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब से जेवर एयरपोर्ट तक बनाई जाएगी। इससे लॉजिस्टिक हब में आने वाला माल सीधे एयरपोर्ट के एयर कार्गो टर्मिनल तक पहुंचाया जा सकेगा। इस कॉरिडोर से मालवाहक वाहनों को शहर के व्यस्त हिस्सों से होकर गुजरने की जरूरत कम होगी। इससे ट्रैफिक जाम और माल ढुलाई में लगने वाले समय को कम करने में मदद मिलेगी।
रेलवे और फ्रेट कॉरिडोर से भी जुड़ेगा लॉजिस्टिक हब
मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब को केवल एयरपोर्ट से ही नहीं, बल्कि रेलवे लाइन से भी जोड़ा जाएगा। प्रस्तावित एलिवेटेड रोड वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के समानांतर विकसित करने की योजना है। करीब 40 किलोमीटर लंबे इस कनेक्टिविटी नेटवर्क से सड़क, रेल और हवाई मार्ग के जरिए माल की आवाजाही को बेहतर बनाने का लक्ष्य है।
हापुड़ बाईपास तक बनेगी 105 मीटर चौड़ी सड़क
ग्रेटर नोएडा में यात्री आवागमन को बेहतर करने के लिए 105 मीटर चौड़ी सड़क का भी विस्तार किया जाएगा। यह सड़क अल्फा-1 कॉमर्शियल बेल्ट के पास से शुरू होकर फिलहाल जुनपत गांव के पास तक बनी है। योजना के तहत इसे आगे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। भविष्य में हापुड़ बाईपास के आगे इसे गंगा एक्सप्रेसवे से भी जोड़ने की योजना है। इसके तैयार होने के बाद ग्रेटर नोएडा से गंगा एक्सप्रेसवे तक पहुंचने का समय घटकर करीब 30 से 45 मिनट रह जाने की उम्मीद है।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा यूपी का मुकुट
बैठक में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा उत्तर प्रदेश के विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरे हैं। उन्होंने कहा कि उद्योग और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जनोपयोगी योजनाएं तैयार की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नए रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। औद्योगिक विकास मंत्री के मुताबिक, क्षेत्र में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए मजबूत कनेक्टिविटी बेहद जरूरी है और सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है।