Kanpur Plane Crash: उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा सामने आया। गंगा किनारे स्थित नत्था पुरवा गांव के पास एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, यह ट्विन इंजन ट्रेनिंग विमान उड़ान के दौरान हादसे का शिकार हुआ। विमान में उस समय दो पायलट मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना से पहले तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद विमान अनियंत्रित होकर जमीन पर जा गिरा।

विमान के गिरते ही आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर पहुंच गए।

एक पायलट की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल

हादसे के बाद राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंची। मलबे से दोनों पायलटों को बाहर निकाला गया। इनमें से एक पायलट ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे पायलट को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया।फिलहाल घायल पायलट का इलाज जारी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

 टेकऑफ के करीब 20 मिनट बाद हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से यह 4-सीटर डुअल इंजन ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट सुबह करीब 11:30 बजे उड़ान पर निकला था।बताया जा रहा है कि उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद यानी लगभग 11:50 बजे थाना ग्वालटोली क्षेत्र के नत्थापुरवा गांव के बाहरी इलाके में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्रामीणों की मौके पर जुटी भारी भीड़

विमान गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। धमाके की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान चलाकर विमान के मलबे से दोनों पायलटों को बाहर निकाला गया।
हालांकि, डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

DGCA को दी गई हादसे की सूचना

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है और शुरुआती जांच शुरू कर दी गई है। हादसे की जानकारी विमानन नियामक DGCA को भी दे दी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाने के लिए DGCA की टीम तकनीकी जांच करेगी। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि विमान हादसा किस वजह से हुआ।