Gurugram Metro Expansion: मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की तैयारी तेज हो गई है। गोल्फ कोर्स रोड स्थित सेक्टर-56 रैपिड मेट्रो स्टेशन से पचगांव तक 35.25 किलोमीटर लंबे नए मेट्रो कॉरिडोर को लेकर जल्द ही बड़ा फैसला हो सकता है। राइट्स की ड्राफ्ट डीपीआर के मुताबिक इस परियोजना पर करीब 10,410 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्रस्तावित रूट पर कुल 28 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। इस मेट्रो कॉरिडोर को रैपिड मेट्रो, नमो भारत, हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर और प्रस्तावित अन्य मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। इससे गुरुग्राम के कई नए विकसित हो रहे सेक्टरों और मानेसर-पचगांव क्षेत्र को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

अगले सप्ताह होगी अहम बैठक
मेट्रो परियोजना की ड्राफ्ट डीपीआर को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। अगले सप्ताह हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में इस प्रस्तावित मेट्रो रूट को लेकर बैठक होगी। बैठक में हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HMRTC), HSIIDC, GMDA, नगर निगम, नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग और HSVP समेत कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

28 एलिवेटेड स्टेशन बनेंगे
सेक्टर-56 से शुरू होने वाला यह कॉरिडोर पचगांव तक जाएगा। प्रस्तावित स्टेशनों में शामिल हैं, जिसमें सेक्टर-56,सेक्टर-61, सेक्टर-62, निर्वाणा कंट्री, सेक्टर-66, वाटिका चौक, सेक्टर-69, सेक्टर-70, सेक्टर-75, खेड़की दौला, ग्लोबल सिटी, सेक्टर-36A, सेक्टर-88, सेक्टर-84, सेक्टर-85-89 चौक, सेक्टर-86-90 चौक, सेक्टर-91, गांव कांकरौला, सेक्टर-M15, सेक्टर-M6-7, सेक्टर-M4, सेक्टर-M8, सेक्टर-M8 (3A), मानेसर, सेक्टर-P4, सेक्टर-P5, सेक्टर-P7, पचगांव की नाम है ।

4 जगहों पर बनेंगे इंटरचेंज स्टेशन
खेड़की दौला और पचगांव: यहां मेट्रो को दिल्ली के सराय काले खां से गुरुग्राम, रेवाड़ी होते हुए राजस्थान के बहरोड़ तक प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। दोनों जगह इंटरचेंज स्टेशन प्रस्तावित हैं।
सेक्टर-61: गुरुग्राम से फरीदाबाद, नोएडा होते हुए ग्रेटर नोएडा तक प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर से इस मेट्रो को सेक्टर-61 के आसपास जोड़ा जाएगा। यहां भी इंटरचेंज स्टेशन बनाया जाएगा।
मानेसर: मेट्रो को हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर से जोड़ने की योजना है। इसके चलते मानेसर में इंटरचेंज स्टेशन प्रस्तावित है।
वाटिका चौक: यहां भी इंटरचेंज स्टेशन बनाया जाएगा। भोंडसी से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन तक प्रस्तावित मेट्रो लाइन को वाटिका चौक के आसपास इस कॉरिडोर से जोड़ने की योजना है।

4 जगहों पर पार्किंग की सुविधा
सेक्टर-56: 2,000 वर्ग मीटर
निर्वाणा कंट्री: 1,000 वर्ग मीटर
वाटिका चौक: 2,000 वर्ग मीटर
सेक्टर-91: 1,000 वर्ग मीटर

अधिकारियों के मुताबिक इन पार्किंग स्थलों को मल्टीलेवल पार्किंग के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि सीमित जमीन में अधिक वाहनों को खड़ा करने की सुविधा मिल सके।

निर्माण के रास्ते में 208 निर्माण बनेंगे चुनौती
प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर के लिए ज्यादातर जमीन सरकारी होने की बात सामने आई है। हालांकि, सर्वे के मुताबिक परियोजना के लिए 208 स्थायी और अस्थायी निर्माण हटाने पड़ सकते हैं। इनमें 53 पक्के मकान और दुकानें, 140 कच्चे मकान और दुकानें, 14 सरकारी इमारतें, 1 धार्मिक स्थल शामिल हैं। अगर डीपीआर को मंजूरी मिल जाती है और आगे की औपचारिकताएं पूरी होती हैं, तो सेक्टर-56 से पचगांव तक प्रस्तावित यह मेट्रो कॉरिडोर गुरुग्राम के पुराने हिस्से को मानेसर और पचगांव के तेजी से विकसित हो रहे इलाकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।