Ganga Link Expressway Update: उत्तर प्रदेश में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी के लिए प्रस्तावित गंगा लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना ने अब रफ्तार पकड़ ली है। यमुना एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले इस लिंक एक्सप्रेसवे के लिए यमुना प्राधिकरण (यीडा) ने 92 फीसदी भूमि खरीद का काम भी पूरा कर लिया है।

अधिकारियों का कहना है कि बची हुई करीब 8 फीसदी जमीन का अधिग्रहण भी सितंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद एक्सप्रेसवे निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में तेजी आएगी।यह लिंक एक्सप्रेसवे यमुना एक्सप्रेसवे पर फिल्म सिटी के पास बनने वाले इंटरचेंज के जरिए जुड़ेगा। इससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र से लेकर बुलंदशहर और आगे गंगा एक्सप्रेसवे तक सीधा संपर्क मजबूत होगा।

74.5 किलोमीटर लंबा होगा लिंक एक्सप्रेसवे

प्रस्तावित गंगा लिंक एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई करीब 74.5 किलोमीटर होगी। इस परियोजना पर लगभग 8,586 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में इस एक्सप्रेसवे का करीब 20 किलोमीटर हिस्सा आएगा। परियोजना के लिए जमीन खरीद की जिम्मेदारी यीडा को दी गई थी, जिसके लिए प्राधिकरण को 1,209 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध कराया गया था।प्रदेश सरकार ने भी इस परियोजना को गति देने के लिए अनुपूरक बजट में 250 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान किया था।

6 लेन की सड़क, दोनों तरफ बनेंगी सर्विस रोड

गंगा लिंक एक्सप्रेसवे को 6 लेन का बनाया जाएगा। सड़क की कुल चौड़ाई करीब 80 मीटर होगी। इसके दोनों ओर सर्विस रोड भी बनाई जाएंगी, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।एक्सप्रेसवे बनने के बाद यमुना एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे के बीच सीधा कनेक्शन तैयार होगा, जिससे यात्रा का समय कम होने की उम्मीद है।

सितंबर तक पूरा होगा जमीन खरीद का काम

यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, अब तक परियोजना के लिए 92 प्रतिशत जमीन खरीदी जा चुकी है।यीडा के एसीईओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बाकी बची जमीन खरीद की प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी। लक्ष्य रखा गया है कि सितंबर तक भूमि अधिग्रहण का काम पूरा हो जाए।

मुआवजा दर बढ़ने से आई थी अड़चन

लिंक एक्सप्रेसवे के लिए जमीन खरीद प्रक्रिया के दौरान मुआवजा दरों में बदलाव का असर भी देखने को मिला।यीडा ने अधिकतर जमीन करीब 4,300 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से खरीदी थी। हालांकि बाद में प्राधिकरण क्षेत्र में मुआवजा दरों में वृद्धि कर दी गई, जिसके कारण कुछ मामलों में प्रक्रिया प्रभावित हुई।अब प्राधिकरण बाकी जमीन खरीद को जल्द पूरा करने की तैयारी में जुटा है।

एक्सप्रेसवे से बढ़ेगी कनेक्टिविटी और निवेश की संभावना

गंगा लिंक एक्सप्रेसवे के बनने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सड़क नेटवर्क और मजबूत होगा। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, बुलंदशहर और आसपास के क्षेत्रों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से उद्योग, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिल सकता है। साथ ही लोगों को लंबी दूरी की यात्रा में समय की बचत होगी।