Faridabad Railway Station Development: हरियाणा के फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। स्टेशन पर विकास कार्यों के चलते 1 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक करीब 45 दिनों का पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा।
रेलवे की ओर से यह ब्लॉक प्लेटफॉर्म नंबर-2 और 3 यानी लाइन नंबर-4 और 5 पर किया जाएगा। इस दौरान स्टेशन के पुनर्विकास से जुड़े कई अहम निर्माण कार्य पूरे किए जाएंगे।इसका सीधा असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ेगा। कई ईएमयू ट्रेनें पूरी अवधि के लिए रद्द रहेंगी, जबकि कुछ प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का फरीदाबाद स्टेशन पर अस्थायी ठहराव खत्म कर दिया जाएगा।
रात के समय होगा निर्माण कार्य
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए रोजाना रात के समय पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा।इस दौरान रेलवे लाइन, प्लेटफॉर्म और अन्य जरूरी संरचनाओं से जुड़े काम किए जाएंगे। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का नया शेड्यूल जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद परेशानी का सामना न करना पड़े।
ये EMU ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे के मुताबिक, 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक कई लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
रद्द होने वाली प्रमुख EMU ट्रेनों में शामिल हैं:
- 64908 शाहदरा-बल्लभगढ़ EMU
- 64071 बल्लभगढ़-शाहदरा EMU
- 64052 गाजियाबाद-पलवल EMU
- 64015 पलवल-शाहदरा EMU
- 64078 नई दिल्ली-पलवल EMU
- 64057 पलवल-गाजियाबाद EMU
- 64012 शाहदरा-पलवल EMU
- 64013 पलवल-शाहदरा EMU
इसके अलावा 64076 नई दिल्ली-पलवल EMU भी 1 सितंबर और 15 अक्टूबर को रद्द रहेगी।
43 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बदलाव
ब्लॉक अवधि के दौरान करीब 43 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले जाएंगे। इनमें 17 अप और 26 डाउन दिशा की ट्रेनें शामिल हैं।इन ट्रेनों को प्लेटफॉर्म नंबर-2 और 3 की जगह प्लेटफॉर्म नंबर-1 और 4 से संचालित किया जाएगा।रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पहुंचने के बाद डिस्प्ले बोर्ड और रेलवे कर्मचारियों से प्लेटफॉर्म की जानकारी जरूर ले लें।
कई एक्सप्रेस ट्रेनों का फरीदाबाद में स्टॉपेज खत्म
निर्माण कार्य के चलते कुछ प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का फरीदाबाद स्टेशन पर अस्थायी ठहराव भी हटाया गया है।डाउन दिशा में मालवा एक्सप्रेस, ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस, उज्जैनी एक्सप्रेस, इंदौर-देहरादून एक्सप्रेस, पुरी-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, केरल सुपरफास्ट एक्सप्रेस, नांदेड़-फिरोजपुर एक्सप्रेस और पुणे-जम्मूतवी एक्सप्रेस फरीदाबाद स्टेशन पर नहीं रुकेंगी।वहीं अप दिशा में पंजाब मेल, कोटा वीकली एक्सप्रेस, अमृतसर-इंदौर एक्सप्रेस, अंडमान एक्सप्रेस, हिमसागर एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का स्टॉपेज भी अस्थायी रूप से खत्म रहेगा।
यात्रियों के लिए रेलवे की अपील
रेलवे ने यात्रियों से कहा है कि 1 सितंबर से 15 अक्टूबर के बीच सफर करने वाले लोग ट्रेन के समय, रूट और प्लेटफॉर्म से जुड़ी जानकारी पहले ही जांच लें।फरीदाबाद स्टेशन पर चल रहे ये विकास कार्य पूरे होने के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।