नई दिल्ली: दिल्ली के रानी गार्डन इलाके में रविवार, 25 अक्टूबर को झुग्गियों में आग लगने से कई परिवारों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। यह घटना पूर्वी दिल्ली की गीता कॉलोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं मिली है।
गीता कॉलोनी के रानी गार्डन की झुग्गियों में लगी आग
इस घटना के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के गीता कॉलोनी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में रानी गार्डन की झुग्गियों में आग लग गई। इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि कई झोपड़ियां और घर का सामान जलकर राख हो गया। जबकि फायर ऑफिसर ने कहा कि सूचना मिलते ही हम मौके पर पहुंचे और तुरंत फायरफाइटिंग ऑपरेशन शुरू किया, जिससे आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों की अभी जांच चल रही है।
आग की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई
वहीं इस हादसे की चर्चा करते हुए स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने के समय कई लोग अपनी झुग्गियों में सो रहे थे। आग की सूचना मिलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। प्रभावित लोगों ने बताया किआग इतनी तेजी से फैली कि कई परिवारों को अपना सामान निकालने का मौका नहीं मिला। उनके कपड़े, घरेलू सामान और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली जरूरी चीजें जलकर नष्ट हो गईं। इसके बाद सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया और लगभग आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया।
आग लगने के वास्तविक कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका
हालांकि, इस हादसे में आग लगने के वास्तविक कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। अधिकारियों की ओर से मामले की जांच की जा रही है। लेकिन इस घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और जरूरी सामान की व्यवस्था करने की चुनौती खड़ी हो गई है। फिलहाल, आग से हुए कुल नुकसान और प्रभावित परिवारों की संख्या के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।