सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश की सड़कों, अपराध, सरकारी संपत्तियों, स्कूलों और महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गरीबों के हित में काम किया जाएगा और सभी वर्गों को समान सम्मान दिया जाएगा।
सड़क और एक्सप्रेसवे की स्थिति पर सवाल
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की सड़कों और एक्सप्रेसवे की स्थिति को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग पहले कहते थे कि सड़कों के गड्ढे दूरबीन, ड्रोन और सैटेलाइट से देखे जाएंगे, उन्हें अब गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि यह हर दिन ढह रहा है और इसकी डिजाइन में ही खामी है। अखिलेश ने सड़क निर्माण और रखरखाव को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
अकबर नगर और जेपी सेंटर का मुद्दा उठाया
सपा प्रमुख ने अकबर नगर और रिवर फ्रंट को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि अकबर नगर हटाने के बाद रिवर फ्रंट बनाने की बात कही गई थी, लेकिन नाले पर रिवर फ्रंट बनाने की कोशिश की जा रही है। जेपी सेंटर को लेकर अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने इसे बेच दिया और बिक्री से पहले ठेकेदारों का भुगतान भी कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जेपी सेंटर से कैफे, पार्किंग और क्लब जैसी सुविधाओं के जरिए आय अर्जित की जा सकती थी। उनके मुताबिक, भविष्य में सरकार को किसी कन्वेंशन सेंटर की जरूरत पड़ेगी तो कार्यक्रम आयोजित करने के लिए पैसा खर्च करना पड़ेगा।
अपराध को लेकर सरकार पर निशाना
अखिलेश यादव ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि दूसरे प्रदेशों के माफिया उत्तर प्रदेश में आकर गोली चला रहे हैं और कई मामलों में 18-18 गोलियां तक चल रही हैं। उन्होंने गैंग के नाम को लेकर भी सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “गोगी योगी गैंग” नाम सामने आ रहा है और दोनों नामों की समानता पर सवाल उठाया। अखिलेश ने दावा किया कि बीजेपी सरकार जाने वाली है और जनता इसका इंतजार कर रही है।
सरकारी जमीन और संपत्तियों पर भी आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकारी और सार्वजनिक संपत्तियों को लेकर भी बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि क्लार्क होटल के बगल की जमीन और छतर मंजिल को बेच दिया गया। इसी मुद्दे पर उन्होंने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला करते हुए उसे महाडकैत तक कह दिया।
मुफ्त बस सेवा और स्कूलों का मुद्दा
महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा के दावे पर भी अखिलेश यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की माताएं और बहनें इंतजार करती रहीं कि बस कब मिलेगी और कहां से मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में प्रदेशभर से कई वीडियो सामने आए हैं। वहीं, सरकारी स्कूलों को लेकर अखिलेश यादव ने दावा किया कि बीजेपी सरकार ने 26 हजार स्कूल बंद कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इन सभी स्कूलों को दोबारा खोलने का काम किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: TCS या Microsoft? कहां मिला बेहतर Work Culture और ज्यादा जिम्मेदारी?
गरीबों के हित में काम करने का दावा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने मेघनाथ खगार और खरगवंशी समाज के लोगों का स्वागत भी किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में जिस तरह की कथित लूट हो रही है, उस पैसे को बचाकर गरीबों तक पहुंचाने का काम समाजवादी पार्टी करेगी। अखिलेश यादव ने दोहराया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश के सभी वर्गों को समान सम्मान दिया जाएगा और सरकार की प्राथमिकता गरीबों के हित में काम करना होगी।